UPPSC GIC Lecturer Prelims Result 2026

प्रमोद यादव | प्रयागराज6 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) प्रवक्ता (पुरुष/महिला) प्रारंभिक परीक्षा- 2025 का परिणाम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा 12 अगस्त 2025 को 13 विषयों के लिए विज्ञापित शिक्षकों की भर्ती हेतु 14 जून 2026 को आयोजित की गई थी। आयोग ने अब रसायन विज्ञान, गणित, अंग्रेजी और इतिहास इन चार विषयों के परिणाम जारी किए हैं, जिनमें कुल 7,395 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल हुए हैं।

आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के अनुसार, रसायन विज्ञान विषय में पुरुष वर्ग की 85 और महिला वर्ग की 62 रिक्तियां थीं। इस विषय के लिए 23,702 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 9,938 परीक्षा में शामिल हुए। प्रारंभिक परीक्षा में 2,395 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए औपबंधिक रूप से सफल घोषित किए गए हैं।

गणित विषय में पुरुष वर्ग की 94 और महिला वर्ग की 28 रिक्तियां निर्धारित थीं। इस परीक्षा के लिए 39,781 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और 15,387 उपस्थित रहे। परिणाम के बाद, इस विषय में कुल 853 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफलता मिली है।

अंग्रेजी विषय में रिक्तियों की संख्या अधिक थी, जिसमें पुरुष वर्ग की 100, महिला वर्ग की 84 और स्पर्श दृष्टिबाधित राजकीय इंटर कॉलेज व समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय के लिए 05 रिक्तियां शामिल थीं। इस विषय में सर्वाधिक 42,866 पंजीकरण दर्ज किए गए थे, जिनमें से 16,683 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे थे। कुल 2,571 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।

इतिहास विषय के तहत पुरुष वर्ग में 41, महिला वर्ग में 34, तथा स्पर्श दृष्टिबाधित राजकीय इंटर कॉलेज व समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय के लिए 03 रिक्तियां थीं। इस परीक्षा के लिए 35,862 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था और 14,184 उपस्थित हुए थे। इनमें से कुल 1,586 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह परिणाम औपबंधिक है। मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा। प्राप्तांक और कट-ऑफ अंक की जानकारी अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *