.
आज की सबसे बड़ी खबर राहुल गांधी के कांशीराम पर बयान को लेकर है। उन्होंने कहा- नेहरू जिंदा होते तो कांशीराम यूपी के सीएम होते। वहीं, दूसरी खबर लखनऊ में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह द्वारा ग्रीन कॉरिडोर के लोकार्पण से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें…
1- राहुल बोले- मोदी साइकोलॉजिकली खत्म; एनर्जी सेक्टर के हालात और खराब होंगे
लखनऊ में राहुल गांधी ने कहा- साइकोलॉजिकली नरेंद्र मोदी खत्म हो गए हैं। राजनीति में मन में सबसे पहले हार होती है। मंत्री हरदीपपुरी का नाम एपस्टीन फाइल में है। उनकी बेटी की कंपनी में जॉर्ज सोरोस की फंडिंग है। मोदी ने देश की एनर्जी सिक्योरिटी से समझौता कर दिया है इसलिए इसके हालात अभी और खराब होंगे। कहा- नेहरू जिंदा होते तो कांशीराम यूपी के CM होते। पूरी खबर पढ़ें

2- राजनाथ बोले- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे इस महीने शुरू होगा; ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण
लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- इस महीने के अंत या अप्रैल की शुरुआत में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे शुरू हो जाएगा। इसके पहले सीएम योगी के साथ उन्होंने ग्रीन कॉरिडोर फेज-2 का लोकार्पण किया। साथ ही तीसरे-चौथे फेज का शिलान्यास भी किया। गोमती नदी के दोनों किनारों पर बन रहा कॉरिडोर 57 किमी लंबा है। अभी 10 लाख लोगों को फायदा मिलेगा। पूरी खबर पढ़ें

3- HPCL के 2 अफसरों के हत्यारोपी का हाफ एनकाउंटर, अफसर की मां बोली-ठाकुरों ने मिलकर मारा
HPCL के 2 अफसरों के हत्यारोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में दोनों पैरों में गोली मारकर अरेस्ट कर लिया। आरोपी अजय प्रताप सिंह ने गुरुवार को प्लांट में असिस्टेंट मैनेजर हर्षित मिश्रा और DGM सुधीर गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हर्षित की मां बोली- सब ठाकुर मिलकर बेटे को मार दिए। पिता ने विधायक पर संरक्षण का आरोप लगाया। नए DGM डरकर मुंबई लौटे। पूरी खबर पढ़ें

4- सिलेंडर की किल्लत पर महिला बोली- इससे अच्छा खुदकुशी कर लूं; बारांबकी में लात-घूसे चले
यूपी में रसोई गैस सिलेंडर का संकट कम नहीं हो रहा है। लगातार चौथे दिन लोग परेशान रहे। बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहे। एजेंसियों के बाहर लाइनें लगीं। बाराबंकी में सिलेंडर के लिए जमकर लात-घूसे चले। कानपुर में सिलेंडर के लिए 8 दिनों से एजेंसी पर लगातार आ रही महिला ने कहा कि इससे अच्छा है खुदकुशी कर लूं। महाराजगंज में लोगों ने सड़क जाम किया। पूरी खबर पढ़ें

5- मुजफ्फरनगर में नवाजुद्दीन ने 55 बीघा जमीन खरीदी, कीमत- 6 करोड़ रुपए
मुजफ्फरनगर में अपने पैतृक गांव में एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने 55 बीघा जमीन खरीदी है। रजिस्ट्री कराने वे खुद पहुंचे। जमीन की कीमत करीब 6 करोड़ रुपए है। तहसील पहुंचे एक्टर ने प्रशंसकों से मुलाकात की और फोटो खिंचवाई। दरअसल, नवाज ने तीन साल पहले अपनी जमीन भाइयों के नाम कर दी थी। इसके बाद कयास लगाए गए थे कि वह मुंबई में ही सेटल हो जाएंगे। पूरी खबर पढ़ें

अब अहम 8 खबरें…
6- कुलदीप अपनी दुल्हनिया संग थिरकते दिखे, युजवेंद्र चहल ने जमकर डांस किया
क्रिकेटर कुलदीप यादव- वंशिका की हल्दी की रस्म शुक्रवार को मसूरी में संपन्न हुई। हल्दी में युजवेंद्र चहल ने जमकर डांस किया। हल्दी के बाद कुलदीप अपनी दुल्हनिया के साथ थिरकते नजर आए। हल्दी में मेहमानों ने स्पेशल लंच किया, एक थाली की कीमत 20 हजार रुपए से ज्यादा बताई जा रही। रिंकू सिंह, प्रिया सरोज, कैलाश खेर, कुणाल कपूर, कोच टी दिलीप पहुंच चुके हैं। पूरी खबर पढ़ें

7- लखनऊ में शियाओं का प्रदर्शन, अलविदा जुमा पर वाराणसी में कमांडो तैनात
यूपी में अलविदा जुमा पर हाईअलर्ट रहा। काशी, बरेली, अलीगढ़ और लखनऊ में सख्त पहरा रहा। चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहे। ड्रोन से निगरानी हुई। काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर NSG कमांडो तैनात रहे। लखनऊ में शियाओं ने प्रदर्शन किया। महिलाएं बच्चे लेकर पहुंचीं थीं। इजराइल और अमेरिका के झंडे सड़क पर चिपकाए गए थे, जिन्हें नमाजी पैरों से रौंदते नजर आए। पूरी खबर पढ़ें

8- सहारनपुर पुलिस ने 2 युवती-1 युवक को किया अरेस्ट, ‘ये सड़क मुस्लिमों के लिए नहीं’… लिखी थीं
सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर “यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है” लिखने वाली 2 युवतियों और एक युवक को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। अरेस्ट के बाद युवती बोली- सनातन के लिए 10 बार जेल जाने को तैयार हूं। 26 फरवरी को तीनों आरोपी NH-72A पर पहुंचे। वहां उन्होंने सड़क किनारे बने सीमेंटेड ब्लॉक और शेड पर स्प्रे पेंट से सांप्रदायिक नारे लिख दिए। पूरी खबर पढ़ें

9- अलीगढ़ में भाजपा युवा मोर्चा के दो गुट 15 मिनट तड़तड़ाते रहे गोलियां, महानगर अध्यक्ष दावेदारी पर बवाल
अलीगढ़ में भाजपा युवा मोर्चा के दो गुटों गुरुवार रात में भिड़ गए। महानगर अध्यक्ष पद की दावेदारी को लेकर करीब 15 मिनट तक फायरिंग की। इसमें 3 लोग घायल हो गए। व्यापारियों के अनुसार, दोनों गुटों में पहले कहासुनी हुई और फिर गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। इसके बाद बंदूकें निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से करीब 40 राउंड फायरिंग हुई। पूरी खबर पढ़ें

10- आगरा में फैशन डिजाइनर ने सुसाइड से पहले VIDEO बनाया, कहा- सिपाही ने मेरा शोषण किया
आगरा में 34 साल की फैशन डिजाइनर ने आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने एक वीडियो भी बनाया था। वीडियो में रोते हुए कह रही कि सिपाही ने मेरा शोषण किया। थाने में शिकायत की लेकिन FIR नहीं लिखी गई। मौत के बाद इंसाफ मिलेगा। पुलिस के अनुसार, सिपाही के साथ युवती 4 साल से लिव-इन में थी। वह शादी करना चाहती थी, लेकिन सिपाही ने इनकार कर दिया। पूरी खबर पढ़ें

11- BHU में रोबोट फौजी से बोला- जय हिंद, CEO पत्नी संग 4 करोड़ की फरारी गाड़ी में पहुंचे
वाराणसी में IIT BHU में ह्यूमनॉइड रोबोट ने आर्मी के जवान के साथ फोटो खिंचवाई, कहा- जय हिंद। आर्मी का डॉग रोबोट सुल्तान भी पहुंचा, करतब दिखाए। रोबोट को चलाने वाले जवान ने बताया- इसमें 5 कैमरे लगे हैं। यह फायर भी कर सकता है। फरारी के सीईओ बेनेडेटो विग्ना भी पत्नी के साथ पहुंचे। टेक्नेक्स के 87वें एडिशन में देशभर से 1500 आईआईटी के छात्र पहुंचे हैं। पूरी खबर पढ़ें

12- प्रयागराज में 11वीं की छात्रा को ट्रक ने रौंदा, शव दो टुकड़ों में बंटा
प्रयागराज में कोचिंग जा रही 11वीं की छात्रा को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। छात्रा साइकिल के साथ करीब 25 फीट दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद कमर से ऊपर की बॉडी अलग-अलग हिस्सों में बंट गई। ड्राइवर ट्रक लेकर भागा तो लोगों ने बाइक से पीछा करके पकड़ा। घिरता देखकर ट्रक छोड़कर खेतों की ओर भागा तो लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा और पिटाई कर दी। पूरी खबर पढ़ें

13- वाराणसी में ससुर की गला दबाकर हत्या, बेटा बोला- नाना को पापा ने मार डाला
वाराणसी में दामाद ने अपने ससुर की गला दबाकर हत्या कर दी। पत्नी लगातार पति को रोकती रही, बच्चे चीखते-चिल्लाते रहे लेकिन आरोपी दामाद ने किसी की नहीं सुनी और मार डाला। हत्या के बाद आरोपी घर में ही बैठा रहा। आरोपी के बेटा ने पुलिस को फोन करके कहा- पापा ने मेरे नाना को मार डाला। पुलिस के मुताबिक, जमीन के विवाद में दामाद ने ससुर की हत्या की। पूरी खबर पढ़ें

खबर जो हटकर है…
14- दुल्हन की डोली में हुई विदाई, डोली-पालकी देखने लोग पहुंचे
औरैया में एक शादी समारोह के बाद दुल्हन की विदाई डोली पर हुई। विदाई की रस्म पूरी होने के बाद सजी पालकी को कहारों ने उठाया। इस परंपरा को देखने के लिए काफी संख्या में लोग जुटे थे। दरअसल, कन्नौज के मकरंद नगर के अभय कुमार की बारात, औरैया के फफूंदनगर की मुस्कान के घर आई थी। दूल्हे ने अपनी दुल्हन की विदाई डोली पर कराने की इच्छा जताई थी। पूरी खबर पढ़ें

कल क्या रहेगा खास…
15- दरोगा भर्ती लिखित परीक्षा
14 मार्च को यूपी पुलिस में दरोगा भर्ती की लिखित परीक्षा होगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 4,543 पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित है। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तो द्वितीय पाली 3 बजे से 5 बजे तक है।
कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…