Sports College Admission Kushinagar | Trials For 518 Seats Announced 2026

अनूप कुमार यादव | कुशीनगर7 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेजेज सोसाइटी, लखनऊ के तहत संचालित विभिन्न स्पोर्ट्स कॉलेजों में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कक्षा 6, 9 और 11 में प्रवेश के लिए चयन एवं ट्रायल कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।

जिला क्रीड़ा अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि आवेदन खेलसाथी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे। अभ्यर्थी स्पोर्ट्स कॉलेज की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक से भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है।

यह प्रवेश प्रक्रिया उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेजेज सोसाइटी के अधीन संचालित विभिन्न कॉलेजों के लिए है। इन कॉलेजों में कुल 518 संभावित रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।

अभ्यर्थी का उत्तर प्रदेश का निवासी होना अनिवार्य है। आवेदन करते समय यूडाइस पोर्टल द्वारा जारी पीईएन (Permanent Education Number) दर्ज करना होगा। आयु सीमा कक्षा 6 के लिए 9 से 12 वर्ष, कक्षा 9 के लिए 12 से 15 वर्ष और कक्षा 11 के लिए 15 से 17 वर्ष निर्धारित की गई है।

इन कॉलेजों में एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती, जूडो, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, तैराकी, जिम्नास्टिक, बॉक्सिंग और भारोत्तोलन सहित विभिन्न खेलों में प्रवेश दिया जाएगा।

प्रारंभिक चयन परीक्षा 15 मई से 25 मई 2026 तक प्रदेश के विभिन्न मंडलों में आयोजित की जाएगी। गोरखपुर एवं आजमगढ़ मंडल के अभ्यर्थियों की ट्रायल परीक्षा 18 और 19 मई 2026 को निर्धारित केंद्रों पर होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच परीक्षा स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होगा।

चयन परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी, जिसमें 50 अंक शारीरिक परीक्षा और 50 अंक खेल तकनीक एवं प्रदर्शन के लिए निर्धारित किए गए हैं। दोनों भागों में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।

मुख्य चयन परीक्षा जून 2026 में लखनऊ, गोरखपुर और सैफई में आयोजित की जाएगी। अंतिम चयन जैविक आयु परीक्षण (बायोलॉजिकल एज टेस्ट) और काउंसलिंग के आधार पर किया जाएगा।

अधिक जानकारी या सहायता के लिए मोबाइल नंबर 9230992739, 9506843789 तथा ई-मेल up.khelsathi@gmail.com और admission.sportscollege@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *