लव मैरिज के बाद युवती के परिजनों ने किया हमला:शाहजहांपुर में युवक के परिवार के तीन लोग घायल, एक की हालत गंभीर; FIR दर्ज


शाहजहांपुर में प्रेम विवाह के बाद युवती के परिजनों ने युवक के परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में युवक के परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना थाना कांट क्षेत्र के सरथौली गांव की है। रीना सिंह द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, 25 जनवरी को उनके देवर रंजीत सिंह ने एक युवती से प्रेम विवाह किया था। युवती के पिता ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने युवती के बयान कोर्ट में दर्ज कराए, जिसके बाद कोर्ट ने युवती को स्वतंत्र बताया। इसके बाद युवती अपने पति रंजीत सिंह के साथ रहने लगी। आरोप है कि युवती के परिजन इस विवाह से रंजिश मानने लगे और आए दिन युवक के परिवार को गाली-गलौज और धमकियां देते थे। वे उन्हें गांव से पलायन करने के लिए भी मजबूर कर रहे थे। पीड़िता के ससुर का भूसा खेत में था, लेकिन आरोपी उन्हें उसे उठाने नहीं दे रहे थे। 1 मई को जब ससुर भूसा लेने गए, तो आरोपियों ने उन्हें घेरकर हमला करने की कोशिश की और गांव छोड़ने की धमकी दी। चौकी पर शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद, 5 मई की दोपहर पीड़िता के पति, चचिया ससुर और ससुर खेत में भूसा भर रहे थे। तभी आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने रीना सिंह की तहरीर के आधार पर सूर्य प्रताप, आशीष सिंह, सोनू सिंह, मंजीत सिंह, विवेक सिंह, भूपेंद्र सिंह, सुमित सिंह, रंजीत सिंह उर्फ मक्खन और भानु सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *