बृजेश कुमार गुप्ता | महराजगंज4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली पुलिस और इमिग्रेशन टीम ने एक थाईलैंड निवासी महिला को कूटरचित भारतीय दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को सोनौली स्थित इमिग्रेशन चेक पोस्ट पर अवैध घुसपैठ और असंवैधानिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे इमिग्रेशन चेक पोस्ट पर आव्रजन अधिकारी हिना तोमर ने 43 वर्षीय CHON CHUTICHIRAPHAT से पूछताछ की। महिला थाईलैंड की निवासी है। उसके पास मौजूद दस्तावेजों की जांच के दौरान अधिकारियों को संदेह हुआ।
पैन कार्ड और वोटर आईडी कार्ड पाए गए
गहन पूछताछ और अभिलेखों के सत्यापन में सामने आया कि महिला ने कथित तौर पर छलपूर्वक अपना नाम बदलकर भारतीय पहचान से संबंधित दस्तावेज तैयार कराए थे। जांच में उसके पास कूटरचित आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी कार्ड पाए गए। पुलिस ने बताया कि इन दस्तावेजों का अनधिकृत रूप से इस्तेमाल किया जा रहा था।
इसके बाद इमिग्रेशन टीम ने महिला को सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा अपराध संख्या 77/2026 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ आधार अधिनियम, विदेशी अधिनियम, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम और पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया कि आर्थिक और विदेशी मुद्रा से संबंधित कानूनों के तहत भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार महिला को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आगे की न्यायिक प्रक्रिया शुरू हुई। सीमा क्षेत्र में विदेशी नागरिक द्वारा भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेजों के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
