Sawan Mela 2026 | Barhaj Bhagalpur Saryu Ghat Preparations & Kanwar Yatra

अनुग्रह नारायण शाही | देवरिया2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बरहज और भागलपुर के सरयू घाटों पर सावन के पहले दिन से ही हजारों कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और विश्राम स्थल तैयार कर दिए हैं।

घाटों पर जल पुलिस और प्रशिक्षित नाविकों की तैनाती की गई है ताकि स्नान और जलभराव के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। ग्राम पंचायतों की ओर से मेला परिसर की साफ-सफाई कराई गई है। प्रशासन का कहना है कि घाटों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी लगाया जाएगा।

दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में बदली दर्शन व्यवस्था

रुद्रपुर स्थित पौराणिक श्री दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग के माध्यम से दक्षिणी द्वार से प्रवेश कराया जाएगा। गर्भगृह में जलाभिषेक के बाद उन्हें पूर्वी द्वार से बाहर निकाला जाएगा।

अलग होंगे प्रवेश और निकास मार्ग

मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगाई गई है। मंदिर के पीठाधीश्वर महंत विजय शंकर ने बताया कि सोमवार और शुक्रवार को अत्यधिक भीड़ रहने के कारण रुद्राभिषेक नहीं होगा, जबकि अन्य दिनों में दोपहर 12 बजे के बाद ही इसकी अनुमति दी जाएगी।

दीर्घेश्वरनाथ मंदिर में 150 पुलिसकर्मी तैनात मझौलीराज स्थित दीर्घेश्वरनाथ मंदिर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यहां करीब 150 पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से चौबीसों घंटे निगरानी होगी। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे ताकि जेबकतरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। सीओ और कोतवाल ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

भागलपुर में सांस्कृतिक संध्या

भागलपुर सरयू घाट पर सावन की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में भोजपुरी की लोकप्रिय गायिका खुशी कक्कड़, गायक सुनील यादव सहित कई कलाकार प्रस्तुति देंगे। प्रशासन और ग्राम पंचायत ने मेला मैदान को सजाने के साथ पथ-प्रकाश और बैठने की व्यवस्था भी की है। आयोजकों का कहना है कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहेंगे और पुलिस बल पूरे समय तैनात रहेगा।

महेंद्रनाथ, सोमनाथ और हंसनाथ धाम में भी तैयारियां पूरी

जिले के महेंद्रनाथ धाम, सोमनाथ मंदिर और सोहगरा स्थित हंसनाथ धाम में भी सावन मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसरों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, पेयजल, प्रकाश और बैरिकेडिंग की व्यवस्था कर दी गई है। श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं ताकि दर्शन सुचारु रूप से हो सके। प्रशासन को उम्मीद है कि पूरे सावन माह में लाखों श्रद्धालु इन शिवालयों में पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे।

एएसपी बोले- सुरक्षा और सुविधा दोनों पर रहेगा विशेष फोकस

अपर पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि सावन मास के दौरान जिले के सभी प्रमुख शिव मंदिरों और नदी घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रमुख मंदिरों पर सीसीटीवी कैमरों और संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। जल पुलिस, पीएसी और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और अफवाहों से बचने की अपील की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *