तारिक सिद्दीक़ी | सहारनपुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सहारनपुर पुलिस ने तीन साल पुरानी लाखों रुपये के आभूषणों की चोरी का खुलासा किया है। सरसावा क्षेत्र में हुई इस घटना में पुलिस ने एक परिचित युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी के गहने बेचकर मिली रकम में से 8 लाख 35 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। यह चोरी 15 अप्रैल 2026 को हुई थी।
सरसावा थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर निवासी राजपाल सिंह के घर से सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी हुए थे। परिवार को संदूक की जांच करने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच में सामने आया कि आरोपी शोएब पुत्र शौकत अली, निवासी गांव समसपुर, पहले गांव में एक मिस्त्री की दुकान पर बाइक रिपेयरिंग का काम करता था।
इसी दौरान शोएब की पहचान राजपाल और उनके परिवार से हुई थी। कई बार घर आने-जाने के कारण उसे परिवार की दिनचर्या और घर के अंदर रखे सामान की जानकारी हो गई थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि एक दिन बातचीत के दौरान उसे पता चला कि घर के संदूक में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण रखे हैं।
8.35 लाख रुपये नकद बरामद
गहनों की जानकारी मिलने के बाद शोएब ने चोरी की योजना बनाई। उसे यह भी पता चला कि परिवार के अधिकांश सदस्य रिश्तेदारी में गए हुए हैं और घर पर केवल बुजुर्ग पिता मौजूद हैं। इसी मौके का फायदा उठाकर उसने चोरी को अंजाम दिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद उसने संदूक में बाकी सामान पहले की तरह व्यवस्थित रख दिया था, ताकि घटना का पता तुरंत न चल सके। बाद में उसने चोरी किए गए गहनों को अलग-अलग स्थानों पर अंजान लोगों को कम कीमत पर बेच दिया। बिक्री से मिली रकम का कुछ हिस्सा उसने खर्च कर दिया, जबकि शेष धनराशि घर में छिपाकर रखी थी।
पुलिस ने आरोपी शोएब को समसपुर से नवादा जाने वाले मार्ग पर एक निर्माणाधीन मकान के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर 8.35 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार चोरी किए गए सभी आभूषण बेचे जा चुके हैं। मामले में पुलिस आगे की कार्यवाही में जुटी है।
उसकी निशानदेही पर 8.35 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार चोरी किए गए सभी आभूषण बेचे जा चुके हैं। मामले में पुलिस आगे की कार्यवाही में जुटी है।
