Punjab Chandigarh Petrol-Diesel Price Hike | Farmer Protest Tear Gas

.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने की रही। दोनों में 3-3 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। इससे कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपए के पार पहुंच गया है।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. पेट्रोल-डीजल ₹3-3 महंगे हुए, ट्रांसपोर्टर बोले- हम किराया बढ़ाएंगे

पंजाब में पेट्रोल और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। अब ज्यादातर शहरों में पेट्रोल 100 रुपए के पार पहुंच गया है। वहीं, धान रोपाई से पहले डीजल की कीमत 87.83 रुपए से बढ़कर 90.78 रुपए प्रति लीटर हो गई है। हालांकि, अलग-अलग शेहरों में दामों में अंतर है।

चंडीगढ़ में भी पेट्रोल के दाम ₹94.30 से बढ़कर अब ₹97.44 और डीजल ₹82.45 प्रति लीटर से बढ़कर ₹85.56 प्रति लीटर हो गया। वहीं, पंजाब में कई जगह रेट बढ़ने के बाद पंपों पर लाइन लग गई। इसके चलते अमृतसर के इस्लामाबाद पंप पर तेल खत्म हो गया।

उधर, पेट्रोल पंप एसोसिएशन का कहना है कि फ्यूल के दामों में अभी और इजाफा हो सकता है। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने कहा कि हम भी जल्द किराया बढ़ाएंगे और सब्जियों के दाम इससे बढ़ सकते हैं। पेट्रोल की कीमतों में इजाफे के पीछे मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और फ्यूल में मिलाए जाने वाले एडिटिव्स की लागत बढ़ना माना जा रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. किसानों और पुलिस में टकराव, आंसू गैस के गोले दागे

पंजाब के किसानों ने आज (15 मई) चंडीगढ़ कूच किया। किसान विभिन्न मांगों को लेकर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मिलने जा रहे थे। इसके लिए बड़ी संख्या में किसान मोहाली के YPS चौक पर जुटे, जहां से उनका चंडीगढ़ की ओर बढ़ने का कार्यक्रम था।

किसानों के मार्च को देखते हुए पुलिस पहले से अलर्ट पर रही। पुलिस ने YPS चौक से चंडीगढ़ जाने वाले मुख्य रास्ते को बंद कर दिया। इसके अलावा सेक्टर-50 की ओर जाने वाली सड़क पर भी भारी बैरिकेडिंग की गई, क्योंकि यह रास्ता राज्यपाल के आसपास के इलाके की तरफ जाता है। इसके बावजूद किसान सेक्टर-50 वाले मार्ग पर आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे।

मौके पर तनाव बढ़ गया और किसानों व पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। किसानों ने ट्रैक्टरों के साथ लगी लोहे की चेन की मदद से बैरिकेडिंग उखाड़ दी और आगे बढ़ने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और पानी की बौछारें भी छोड़ीं। इसके बाद किसानों की SSP कंवरदीप कौर के साथ बैठक की। बाद में पंजाब राज्य भवन से आए एक अधिकारी को किसानों ने मांग पत्र दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

3. हलवारा एयरपोर्ट पर पहली फ्लाइट की लैंडिंग

लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट पर सुबह 7.05 बजे पहली फ्लाइट की लैंडिंग हुई। जिसमें 120 यात्री दिल्ली से लुधियाना पहुंचे। वहीं 7:55 बजे फ्लाइट ने लुधियाना से दिल्ली के लिए 100 यात्रियों के साथ उड़ान भरी। दिल्ली से लुधियाना पहली फ्लाइट में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू, राज्यसभा सदस्य रजिंदर गुप्ता व विक्रमजीत सिंह साहनी भी पहुंचे।

एयर इंडिया लुधियाना-हलवारा एयरपोर्ट से रोजाना दो फ्लाइट चलाएगी। लुधियाना से दिल्ली फ्लाइट के जरिए 1.15 घंटे लगेंगे। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार यात्रियों को फ्लाइट से कम से कम 90 मिनट पहले एयरपोर्ट पर पहुंचना होगा। फ्लाइट शेड्यूल से एक घंटा पहले टर्मिनल बंद कर दिया जाएगा और उसके बाद किसी की एंट्री नहीं होगी।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 फरवरी 2026 को लुधियाना के हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। PM ने जालंधर से वर्चुअली उद्घाटन किया था। इस मौके पर CM भगवंत मान, केंद्रीय मंत्री केंद्रीय सिविल एविएशन मंत्री राम मोहन नायडू, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू और राज्य सभा सदस्य राजिंदर गुप्ता हलवारा एयरपोर्ट पहुंचे थे। (पढ़ें पूरी खबर)

4. योगराज पर FIR में चूक, पुलिस ने पंजाब महिला आयोग का पता लिखा

पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता एवं एक्टर योगराज सिंह के खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर 36 थाना में दर्ज FIR में लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने FIR में योगराज सिंह के पते की जगह पंजाब महिला आयोग का पता लिख दिया।

जानकारी के अनुसार जिस समय पुलिस ने FIR दर्ज की, उस दौरान शिकायतकर्ता वकील भी थाने में मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि पुलिस ने जल्दबाजी में वह पता कॉपी कर दिया जो पंजाब महिला आयोग की ओर से भेजे गए लेटर पर लिखा हुआ था।

योगराज के खिलाफ चंडीगढ़ के 2 एडवोकेट ने पुलिस को शिकायत दी थी। एडवोकेट ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो क्लिप को इसका आधार बनाया है। उनका आरोप है कि वीडियो में महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। इसमें योगराज सिंह कह रहे हैं- जनानी दिन में चूल्हे पे, रात को @#$% पे। इसके बाद पंजाब महिला आयोग ने पंजाब पुलिस को लेटर लिखकर सीनियर अधिकारी से मामले की जांच करने के लिए कहा था। (पढ़ें पूरी खबर)

5. सगाई टूटने के बाद युवक ने थाने में निगला जहर

अमृतसर में युवक ने शादी टूटने के बाद थाने में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। लड़की वालों ने उसके खिलाफ शिकायत दी थी। जिसके बाद पुलिस उसको उठाकर थाने ले गई थी। परिवार ने कहा कि बेटा मानसिक दबाव में था और इसी कारण उसने यह कदम उठाया।

थाने में मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने समय पर मदद नहीं की और तड़पते छोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, मामला कल शाम अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित नंगली भट्ठे इलाके का है। युवक की पहचान जज सिंह (28) के रूप में हुई है। वह इस समय अस्पताल में उपचाराधीन है।

परिवार के सदस्य और दशमेश धरना दल से जुड़े जगजीत सिंह ने बताया कि जज सिंह का करीब एक साल पहले इलाके की एक लड़की के साथ रिश्ता तय हुआ था। दोनों परिवारों के बीच लगातार बातचीत होती रही और मिलना-जुलना भी था। शादी की तैयारियों को लेकर घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक करीब एक महीने पहले लड़की पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

6. नशे में धुत हेड कॉन्स्टेबल ने 2 एक्टिवा सवार को उड़ाया

चंडीगढ़ पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल ने गुरुवार रात शराब के नशे में अपनी कार से एक्टिवा सवार को उड़ा दिया। टक्कर मारने के बाद वो मौके से भागने लगा तो लोगों ने उसका पीछा किया। कॉन्स्टेबल तब भी नहीं रुका और उसने रास्ते में दूसरी एक्टिवा को भी टक्कर मार दी। आखिरकार गुस्साए लोगों ने आरोपी पुलिसकर्मी को घेरकर पकड़ लिया।

जैसे ही लोगों ने उसे गाड़ी से निकाला तो हेड कॉन्स्टेबल भागने लगा। उसने एक पैर में लेडीज सैंडल और दूसरे पैर में स्लीपर पहना हुआ था। पुलिसकर्मी इतना नशे में धुत था कि उसने क्या पहना था उसे मालूम नहीं था।

उधर, हादसे में घायल व्यक्ति के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी जगमिंदर ने कहा कि हम शिकायत लिख रहे हैं और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। जगमिंदर ने बताया कि आरोपी कॉन्स्टेबल नगर निगम में अटैच था। (पढ़ें पूरी खबर)

7. पंजाबी सिंगर कंवर ग्रेवाल ने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की

पंजाबी सूफी सिंगर कंवर ग्रेवाल ने वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। 14 मई को हुई इस मुलाकात का वीडियो कंवर ग्रेवाल ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है। पंजाबी सिंगर ने इस मुलाकात के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताया। लेकिन कहा कि प्रेमानंद महाराज से मिलकर सुकून मिला है।

इस दौरान उन्होंने अपना फेमस गीत इश्क बुल्ले नूं नचावे यार ते नच्णा पैंदा ए सुनाया। इस पर महाराज ने कहा कि तुम्हारी आवाज बहुत बुलंद है। इसी तरह गाते रहो।

कंवर ग्रेवाल की तस्वीरों पर फैंस ने लिखा कि वृंदावन में सुर और भक्ति का अद्भुत संगम हुआ है। इससे पहले पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू, पंजाबी सिंगर इंद्रजीत सिंह निक्कू और बी प्राक समेत कई हस्तियां प्रेमानंद महाराज से मिल चुकी हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

8. बस पलटी, 20 यात्री घायल, सीटों से उछलकर एक-दूसरे पर गिरे

मोहाली में तड़के सवारियों से भरी निजी बस ट्रक से टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। एक युवक भी बस के नीचे आ गया। वहीं एक का सिर फूट गया। बस मनाली से दिल्ली जा रही थी।

इस बीच जीरकपुर के छत लाइट चौक पर हादसा हो गया बस पलटने से कई यात्री सीटों से उछलकर नीचे गिर गए और कुछ बस के अंदर फंस गए। यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा पुलिस के छह कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे। घायलों को डेराबस्सी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से कई गंभीर घायलों को चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के कारण बस करीब दो घंटे तक सड़क के बीचों-बीच पड़ी रही, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। बाद में हाइड्रा मशीन की सहायता से बस को सड़क से हटाया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

9. बुजुर्ग को डंडों से पीटा, युवकों की बातचीत में कूदा था

होशियारपुर में कुछ युवकों ने बुजुर्ग को गली में पीट दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक बुजुर्ग को डंडे से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। बुजुर्ग चिल्लाता रहा, लेकिन युवक उसे पीटते रहते हैं। बुजुर्ग को पीटने के बाद युवक वहां से फरार हो गए।

बुजुर्ग की पहचान 60 वर्षीय सुखजिंद्र सिंह के रूप में हुई है। गांव के ही लोगों ने उसे पहले होशियारपुर के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया। इसके बाद उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग की हालत गंभीर है। पुलिस उसका बयान लेने के लिए चंडीगढ़ के लिए रवाना हो चुकी है।

चब्बेवाल थाना के ASI त्रिलोचन सिंह ने बताया कि प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि 3 दिन पहले गांव के कुछ युवक गली में किसी विषय पर बात कर रहे थी। इस दौरान वहां से गुजर रहा बुजुर्ग सुखजिंद्र उनकी बातचीत में कूद गया और उनको कुछ कहना शुरू कर दिया। बुजुर्ग ने क्या कहा था ये बात उसके बयान और युवकों की पूछताछ के बाद ही क्लियर हो पाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)

10. 132 साइबर ठग अरेस्ट, 1.7 करोड़ कैश और 19 लग्जरी कारें पकड़ीं

लुधियाना पुलिस ने इंटरनेशनल साइबर फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 132 ठगों को गिरफ्तार किया है। इनसे पुलिस ने 1 करोड़ 7 लाख रुपए कैश, 98 लैपटॉप, 229 मोबाइल फोन, 19 लग्जरी कारें, 300 से ज्यादा बैंक खाते फ्रीज किए। इसके अलावा इनकम टैक्स विभाग को भी जांच में शामिल कर लिया गया है।

इस गिरोह के सदस्य विदेशी लोगों को अपना शिकार बनाते थे। इस कॉल सेंटर के बारे पुलिस को गुप्त सूचना थी। जिसके बाद ही पुलिस ने 13 मई की रात को रेड कर इन आरोपियों को पकड़ा। मास्टरमाइंड दिल्ली और गुजरात के रहने वाले हैं।

आरोपियों ने मल्टीनेशनल कंपनियों के लिए तकनीकी सेवा प्रोवाइडर के रूप में खुद को पेश करते थे। गिरफ्तार किए गिरोह के सदस्य देश के अलग-अलग राज्यों से संबंधित है। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी विदेशी लोगों के कंप्यूटर स्क्रीन पर माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के नाम से फर्जी वायरस और सिक्योरिटी अलर्ट भेजते थे। स्क्रीन पर एक फेक कस्टमर केयर नंबर भी दिखाया जाता था। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.