![]()
औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र एक 80 साल की महिला को उसकी बहू ने पीटकर घर से निकाल दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पंकज मिश्रा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला को अपनी पुलिस जीप से उसके घर भिजवाया। असेनी के गांव सब सुख पूर्वा निवासी राजेश्वरी देवी (पत्नी छुटकन) ने पुलिस को बताया कि उसकी बहू अक्सर उसके साथ मारपीट करती है। उसने यह भी बताया कि इस मामले में गांव के प्रधान भी पंचायत कर चुके हैं, लेकिन बहू अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। बुजुर्ग महिला दिबियापुर थाने पहुंची और रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने उसकी तहरीर ली और कार्रवाई का आश्वासन देते हुए उसे घर जाने को कहा। इसी दौरान थाना प्रभारी पंकज मिश्रा वहां पहुंचे और उन्होंने पूरी बात सुनी। थाना प्रभारी मिश्रा ने तुरंत हल्का इंचार्ज और एक महिला सिपाही को निर्देश दिए कि वे बुजुर्ग महिला को उनकी पुलिस जीप में घर लेकर जाएं। उन्होंने बहू-बेटे को समझाने और न मानने पर कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। पुलिस की इस मदद के बाद महिला ने उनका धन्यवाद किया। दरोगा ने बताया कि बुजुर्ग महिला को सकुशल उसके घर पहुंचा दिया गया है। बहू को समझाकर सख्त हिदायत दी गई है कि यदि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा हुई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
औरैया में बहू ने सास को पीटा, घर से निकाला:थाना प्रभारी ने अपनी जीप से बुजुर्ग महिला को घर भिजवाया, बहू को हिदायत दी