Prayagraj Tree Plantation Drive Launch July 12; 71 Lakh Plants Target

प्रमोद यादव | प्रयागराज2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

प्रयागराज में 12 जुलाई से वृहद पौधरोपण अभियान शुरू होगा। इस दौरान जिले में कुल 71.05 लाख पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को संगम सभागार में जिलाधिकारी (डीएम) मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक हुई, जिसमें इसे सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अरविंद कुमार यादव ने बैठक में लक्ष्य का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। इस अभियान में वन विभाग की सबसे बड़ी भागीदारी होगी, जिसे 24 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। ग्राम विकास विभाग 23.72 लाख पौधों के साथ दूसरे स्थान पर है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे चिन्हित स्थलों, गड्ढों की संख्या और रोपण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभी से तैयारी पूरी कर लें।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पौधरोपण केवल एक सरकारी औपचारिकता नहीं होनी चाहिए। रोपित पौधों की ‘जिओ-टैगिंग’ अनिवार्य की गई है और उनका डेटा ‘हरितिमा एप’ पर अपलोड करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन इसे ‘जन-आंदोलन’ का स्वरूप देने की तैयारी कर रहा है। जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और उच्च शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शिक्षकों, प्रधानों और प्राचार्यों के साथ ऑनलाइन बैठकें कर इस लक्ष्य को जन-जन तक पहुंचाएं।

शहर की सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से सड़कों के किनारे एक ही प्रजाति के बड़े और स्वस्थ पौधे लगाकर एक ‘थीम’ विकसित की जाएगी। औद्योगिक इकाइयों के लिए भी वृक्षारोपण अनिवार्य किया गया है। यदि किसी इकाई के पास अपनी जमीन नहीं है, तो जिला प्रशासन उन्हें सरकारी भूमि उपलब्ध कराएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में 150 मियावाकी साइटें तैयार की गई हैं। इन स्थलों पर पौधों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग और सिंचाई की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *