PM की सराहना से चंडीगढ़ के ब्रूम वॉरियर भावुक:इंद्रजीत सिद्धू बोले-हम छोटे आदमी हैं; मोदी साहब ने याद किया, यही मेरा सम्मान


चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सार्वजनिक मंच से सराहना किए जाने के बाद ब्रूम वॉरियर के नाम से मशहूर रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी और पंजाब पुलिस के पूर्व डीआईजी इंद्रजीत सिंह सिद्धू भावुक हो गए। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी) में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने उनके 3 दशक लंबे स्वच्छता अभियान की प्रशंसा करते हुए उन्हें जनसेवा की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि मैं मोदी साहब का बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे इतना बड़ा सम्मान दिया है। पहले भी वह मुझे दिल्ली में कहते थे कि तूने तो पूरा चंडीगढ़ साफ कर दिया। मैंने उस समय भी उनसे कहा था कि हम छोटे आदमी हैं, थोड़ा-बहुत काम कर सकते हैं, ज्यादा कुछ नहीं किया। आज उन्होंने मुझे फिर याद किया, इसके लिए मैं उनका बहुत-बहुत आभारी हूं। पीएम मोदी ने मंच से की थी सराहना पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्राईसिटी के लिए 4700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कहा था कि चंडीगढ़ के सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी इंद्रजीत सिंह सिद्धू आज ब्रूम वॉरियर के नाम से जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि सिद्धू के स्वच्छता के प्रति समर्पण को देखते हुए केंद्र सरकार ने इस वर्ष उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीने का एक तरीका है। सिद्धू के तीन दशक लंबे प्रयासों ने लोगों को यह संदेश दिया है कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक का दायित्व है। 30 वर्षों से चला रहे हैं स्वच्छता अभियान इंद्रजीत सिंह सिद्धू ने वर्ष 1963 में पंजाब पुलिस में इंस्पेक्टर के रूप में सेवा शुरू की थी और वर्ष 1996 में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) के पद से सेवानिवृत्त हुए। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने सार्वजनिक स्थानों की सफाई को अपना मिशन बना लिया। पिछले करीब 30 वर्षों से वह रोज सुबह छह बजे झाड़ू और कूड़ा उठाने वाली रेहड़ी के साथ शहर की सड़कों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की सफाई करते हैं। इसी वर्ष मिला पद्मश्री सम्मान स्वच्छता और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2026 में उन्हें पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया। 23 जून को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में चंडीगढ़ में चल रहे स्वच्छता अभियान की भी सराहना करते हुए कहा कि शहर के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर इसे जन आंदोलन का रूप दिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *