- Hindi News
- National
- Parliament Women Reservation Bill LIVE Update; PM Modi BJP Vs Congress TMC DMK Delimitation Protest Photos | Lok Sabha Seats
नई दिल्ली6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पीएम मोदी ने गुरुवार को महिला आरक्षण बिल से जुड़े संशोधनों पर कहा कि परिसीमन में किसी भी राज्य के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। यह मोदी की गारंटी है और वादा है। विपक्ष इसका क्रेडिट ले सकता है।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि एक नैरेटिव गढ़ा जा रहा है कि 3 बिलों से साउथ के राज्यों की लोकसभा सीटें कम हो जाएंगी।
उन्होंने कहा, ‘लोकसभा की कुल 543 सीटों में दक्षिण राज्यों की 129 सीटें हैं। परिसीमन के बाद यह बढ़कर 195 हो जाएंगी। तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर 59 होंगी।’
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘वे (पीएम) कह रहे हैं कि उन्हें इसका श्रेय नहीं चाहिए। मैं कहती हूं कि बार-बार बहकाने वाले पुरुषों को महिलाएं पहचान लेती है। सावधान हो जाइए नहीं तो पकड़े जाएंगे।’
बिलों पर चर्चा के लिए 16 और 17 अप्रैल को 15 घंटे का समय तय किया गया है। कल शाम 4 बजे वोटिंग की जाएगी। संशोधन बिल में लोकसभा सांसदों की संख्या 850 करने का प्रस्ताव है।

पीएम की स्पीच की 4 बड़ी बातें, बोले- इसमें राजनीतिक लाभ नहीं
- मैं क्रेडिट का ब्लैंक चेक दे रहा हूं: यहां कुछ लोगों को लगता है, इसमें कहीं न कहीं मोदी का राजनीतिक स्वार्थ है। इसका अगर विरोध करेंगे तो स्वभाविक है कि राजनीतिक लाभ मुझे होगा। अगर साथ चलेंगे तो किसी को भी नहीं होगा। फिर अलग पहलू हो जाता है। हमें क्रेडिट नहीं चाहिए जैसे ही पारित हो जाए तो मैं एड देकर सबको धन्यवाद देने तैयार हूं। सबकी फोटो छपवा देंगे। ले लो जी क्रेडिट। सामने से क्रेडिट का ब्लैंक चेक आपको दे रहा हूं।
- जिसको भी गारंटी चाहिए, वो देता हूं: अगर गांरटी शब्द चाहिए तो मैं वह शब्द भी उपयोग करता हूं, वादा की बात करते हो तो उसे भी इस्तेमाल करता हूं। तमिल में कोई शब्द हो तो मैं उसे भी कहता हूँ। क्योंकि जब नीयत साफ है तो शब्दों का खेल करने की जरूरत नहीं है।
- काले कपड़े पहनकर आए लोग नजर का टीका: हमारे यहां परंपरा है कि अच्छे काम में किसी की नजर न लगे इसके लिए काला टीका लगाते हैं, इसलिए मैं आपका (डीएमके) धन्यवाद करता हूं। दरअसल, पीएम ने डीएमके का नाम लिए बिना जिक्र किया। डीएमके सांसद आज परिसीमन बिल का विरोध करने के लिए काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे थे।
- महिलाओं को हक देकर प्रायश्चित कर रहे: हम भ्रम में न रहें, हम अहंकार में न रहें। यहां मैं और तुम की बात नहीं कर रहा हूं। हम हम देश की नारी शक्ति को कुछ दे रहे हैं। ये उनका हक है। और हमने कई दशकों से उनको रोका है। आज उसका प्रायश्चित करके उस अपराध से मुक्ति पाने का अवसर है।

लोकसभा कार्यवाही की पल-पल की जानकारी के लिए नीचे के ब्लॉग से गुजर जाएं…
लाइव अपडेट्स
7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
रामदास अठावले बोले- महिला आरक्षण के लिए परिसीमन जरूरी, दक्षिण राज्यों के साथ अन्याय नहीं होगा
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि दक्षिण भारत के कुछ लोगों में यह धारणा है कि उनके साथ अन्याय होगा, लेकिन यह बिल किसी को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को प्रभावी तरीके से लागू करने और सीटों का सही बंटवारा करने के लिए परिसीमन जरूरी है। बिना परिसीमन के महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाना मुश्किल होगा। पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पहले ही साफ कर चुके हैं कि दक्षिणी राज्यों के साथ कोई अन्याय नहीं होगा।
45 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जम्मू-कश्मीर: भाजपा कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण के समर्थन में जश्न मनाया
01:47 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
थरूर बोले- परिसीमन पर कई सवाल, सरकार 2 दिन में निपटाना चाहती है
महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि हमें महिला आरक्षण से कोई दिक्कत नहीं है। वे इसे तुरंत लागू कर सकते हैं, लेकिन इसमें परिसीमन को क्यों शामिल किया जा रहा है। ये हमारा सवाल है क्योंकि परिसीमन से जुड़े कई मुद्दे हैं। इस पर लंबी चर्चा की जरूरत है, लेकिन वे इसे 2-3 दिनों में ही निपटा देना चाहते हैं, जो मुमकिन नहीं है। दक्षिणी राज्यों के भी इस पर बड़े सवाल हैं। अगर सरकार सच में यह महिला आरक्षण चाहती है, तो वे इसे 2023 में ही कर सकते थे।
01:35 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
AAP सांसद बोले- आरक्षण का समर्थन, बशर्ते 543 सीटों पर लागू हो
सरकार के इस बयान पर कि सभी राज्यों में लोकसभा की सीटों में 50% की बढ़ोतरी होगी। इस पर आप नेता संजय सिंह ने कहा कि उन्हें इसका फॉर्मूला बताना चाहिए कि यह कैसे किया जाएगा, लोकसभा की सीटों में 50% की बढ़ोतरी कैसे होगी। अगर आप इसे 2011 की जनगणना के आधार पर कर रहे हैं, तो 2026 में जो जनगणना होने वाली है। उसको ध्यान में क्यों नहीं रख रहे। हम 33% आरक्षण का समर्थन करेंगे, बशर्ते यह 543 सीटों के आधार पर लागू किया जाए।
01:24 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
TDP सांसद बोलीं- हमारी पार्टी बिल का समर्थन करती है
महिला आरक्षण विधेयक पर लोकसभा में बोलते हुए TDP सांसद बायरेड्डी शबरी ने कहा, ‘आज बड़े गर्व के साथ मैं ऐतिहासिक ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का समर्थन करती हूं। तेलुगु देशम पार्टी की ओर से इस कदम का स्वागत करती हूं।
12:46 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
शाह ने बताया- लोकसभा की 850 सीटों का आंकड़ा कैसे आया
अमित शाह ने कहा, सरकार जातीय जनगणना नहीं कराना चाहती। यह भी झूठ है। जनगणना दो हिस्सों में होती है पहले मकानों को इंगित किया जाता है। फिर रहवासियों से पूछा जाता है। अभी मकानों की कोई जातीय व्यवस्था नहीं है, इसलिए नहीं होती। 850 का आंकड़ा कहां से आया, मैं समझाता हूं। मानों 100 सीटें हैं जिसमें 33% आरक्षण देना है तो उसमें 50 सीटें बढ़ाते है तो सीटें 150 होती हैं। 850 राउंड ऑफ फिगर है। कल इसके बारे में डिटेल में बताऊंगा।
12:44 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
शाह ने कहा- साउथ के बारे में सरलता से बताउंगा, बस धैर्य से सुनें
अमित शाह ने कहा, कुल मिलाकर साउथ में संसद की कुल 543 सीटों में 129 सांसद आते हैं। यह बढ़कर 195 सीटों का हो जाएगा। मतलब उनकी शक्ति कम नहीं हो रही, बल्कि बढ़ रही है। मैं जिम्मेदारी के साथ यह कह रहा हूं।’
‘ वेणुगोपाल कह रहे हैं कि यह किसने कहा, मैं भारत का गृहमंत्री यह बात कह रहा हूं। कल उनको डिटेल जवाब दूंगा। बस कल सुनने के लिए बैठे। केजी के बच्चे को समझ आए इतनी सरलता से बताउंगा, बस धैर्य से सुनें।’
12:41 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमित शाह ने कहा- साउथ के राज्यों में सीटें कम नहीं होंगी
अमित शाह ने कहा, ‘पूरी चर्चा पर सभी सवालों का जवाब मैं कल दूंगा, लेकिन आज भी कुछ जवाब देने हैं, ताकि स्पष्टता बनी रहे। एक सबसे बड़ा नैरेटिव खड़ा किया जा रहा है कि ये जो 3 बिल हैं। वो आने से साउथ के राज्यों की क्षमता लोकसभा में कम हो जाएगी। मैं बिल जो सदन के सामने है। उसका प्रैक्टिकली बता रहा हूं। कर्नाटक राज्य में 28 सीटें हैं ये बिल पारित होने के बाद कर्नाटक की संख्या 42 हो जाएगी और प्रतिशत 5.14 हो जाएगा। आंध्र प्रदेश में अभी 25 सीटें हैं उसका प्रतिशत 4.60% है। बिल पारित होने के बाद सीटें 38 हो जाएंगी। तेलंगाना में 17 सीटे हैं उसका 3,13% है। बाद में बढ़कर 26 हो जाएंगी। तमिलनाडु में 39 सांसद हैं उसका प्रतिशत 7.18% है। यह बढ़कर 59 सांसद हो जाएंगे। नए सदन में प्रतिशत 7.23 हो जाएगा। केरल में 20 सांसद हैं, 3.68% सांसद है। जो बढ़कर 30 सांसद हो जाएंगे।
12:31 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
प्रियंका ने पूछा- अभी 33% आरक्षण क्यों नहीं दे रहे
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘543 में से महिलाओं को 33% आरक्षण क्यों नहीं दे रहे। अगर पद खोने का डर नहीं तो कुछ लोग इसमें अपना पद खो दें। ताकि महिलाएं और ओबीसी वर्ग आ सके। ये आज ही कर दें, शुभ काम हो जाएगा काला टीका भी काम आ जाएगा।’
‘देश की महिलाओं के नाम पर देश के बुनियादी ढांचों से खिलवाड़ नहीं हो सकता। संसद को कमजोर करके सत्ता कायम रखने की साजिश हो रही है। यह आपकी हस्ती, पद और गरिमा के अनुकूल है।’
12:30 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
प्रियंका गांधी ने कहा- चाणक्य आज जिंदा होते तो वो भी चौंक जाते
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘पीएम के खोखले आश्वासनों के बावजूद संसद में राज्यों की मौजूदगी बदल जाएगी। जिस तरह असम में उन्होंने मनचाही सीटों को काटा, नई सीमाएं बनाएं उसी तरह यह देश में करेंगे।
– ‘परिसीमन आयोग में सरकार द्वारा चुने गए तीन लोग देश के लोकतंत्र को खत्म करेंगे। अगर ये बिल पास होता है देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। मौजूदा सरकार जनता की आंखों में धूल झोंक रही है। ये ओबीसी वर्ग का हक छीन रहे हैं, ताकि कुछ प्रदेशों की ताकत कम किया जा सके।’
– ‘शाह जी हंस रहे हैं, पूरी प्लानिंग बना रखी है। चाणक्य आज जिंदा होते तो वो भी चौंक जाते। अचानक प्रदेशों में चुनाव के दौरान सदन की बैठक बुलाओ। प्रारूप सिर्फ एक दिन पहले सावर्जनिक करो। मीडिया में चर्चा कराओ कि मोदी जी महिला उत्थान के लिए बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। सबको इनका साथ देना चाहिए। ये करके विपक्ष को धर्मसंकट में डाल दो। एक तरफ महिला आरक्षण दूसरी तरफ काट-छाट की आजादी।’
– ‘राजनीति में कुटिल होना अपनी जगह है लेकिन सत्ता बनाए रखने की महात्वांक्षाओं बनाए रखने के लिए देश में सही फैसले लेने चाहिए। पीएम पर बहुत दबाव है इंटरनेशनल प्रेशर है। इसलिए उन्होंने महिला आरक्षण मुद्दा उठाया।’
12:27 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
प्रियंका गांधी ने कहा, पीएम किस बात से घबरा रहे
प्रियंका गांधी ने कहा, अब क्यों मन बदल गया, इतनी जल्दबाजी क्यों। आज पीएम महोदय ने भले हल्के में बोल दिया कि इस वर्ग उस वर्ग को बाद में देख लेंगे। कौन सा वर्ग पिछड़ा वर्ग। हम इनकी मांग कर रहे हैं इन्हें अपना हक मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम किस बात से घबरा रहे हैं। इस बात से न कि जब नई जनगणना होगी तो ओबीसी के नए आंकड़ें निकलेंगे तो पता चलेगा कि यह वर्ग कितना मजबूत है। 2011 की जनगणना को परिसीमन का आधार बनाकर मोदी जी उनका हक छीनना चाहते हैं, कांग्रेस यह होने नहीं देगी। इस बिल में और भी कमी है कि संसद में 50% विस्तार का प्रस्ताव है लेकिन इस परिवर्तन के नियम क्या होंगे उसके बारे में कोई डिटेल नहीं है।
12:25 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
प्रियंका गांधी ने कहा- राजनीति की बू घुली हुई
प्रियंका गांधी ने कहा, सबसे पहले इसमें लिखा है कि महिला आरक्षण 2029 तक लागू हो, हम सहमत हैं। दूसरा है कि सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाई जाएगी। इसके लिए परिसीमन आयोग बनाया जाएगा जो 2011 की जनगणना को आधार बनाएगा। इसकी गहराई में जाएं तो इसमें राजनीति की बू घुली हुई है। 2023 के बिल में दो चीजें थी जो इसमें नहीं है। उसमें लिखा था कि नई जनगणना कराई जाएगी।
12:20 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
प्रियंका गांधी ने कहा- बहकाने वाले पुरुषों को महिलाएं पहचान लेती हैं
प्रियंका गांधी ने कहा कि वे कह रहे हैं कि उन्हें इसका श्रेय नहीं चाहिए। बार-बार बहकाने वाले पुरुषों को महिलाएं पहचान लेती हैं। सावधान हो जाइए नहीं तो पकड़े जाएंगे। 2023 में मोदी सरकार ने जब यह बिल पास किया तो हमने उसका समर्थन किया। आज भी उसमें कोई शक नहीं होना चाहिए कि कांग्रेस इसका समर्थन नहीं करेगी। हम डटकर खड़े हैं। आज की चर्चा महिला आरक्षण पर नहीं है। मैंने इसका प्रारूप पढ़ा है। सबसे पहले इसमें लिखा है कि महिला आरक्षण 2029 तक लागू हो, हम सहमत हैं। दूसरा है कि सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाई जाएगी। इसके लिए परिसीमन आयोग बनाया जाएगा जो 2011 की जनगणना को आधार बनाएगा।
12:00 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
DMK सांसद बोले- आप हमें सजा दे रहे हैं, यह सही नहीं है
परिसीमन विधेयक 2026 पर DMK सांसद दयानिधि मारन ने कहा, BJP जो विधेयक लाई है वह दक्षिण-विरोधी और तमिलनाडु-विरोधी है। हमें लगता है कि हमारी आवाजें दबा दी जाएंगी। सिर्फ आबादी के आधार पर हमें लगता है कि यह अन्यायपूर्ण होगा। आप हमें सजा दे रहे हैं। यह सही नहीं है।
11:51 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
सपा सांसद बोले- भाजपा देश को ‘असम’ या ‘कश्मीर’ जैसा बना देना चाहती है
महिला आरक्षण बिल पर संसद में PM मोदी के संबोधन पर SP सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि जब मैंने पहली बार अपनी आपत्ति उठाई थी, तब भी मैंने यही कहा था कि महिला आरक्षण की आड़ में असल मकसद कुछ और ही है। उनका असली इरादा पूरे देश को ‘असम’ या ‘कश्मीर’ जैसा बना देना है, ठीक उसी तरह जैसे उन इलाकों में परिसीमन किया गया था।
पूरे देश की सभी राजनीतिक पार्टियां महिला आरक्षण बिल के समर्थन में एकजुट थीं। इसे 2023 में सर्वसम्मति से पास किया गया था। तो फिर, अचानक परिसीमन का यह नया मुद्दा सामने क्यों आ गया? सरकार महिलाओं को बहाना बनाकर पूरे राष्ट्रीय सिस्टम को अपने एजेंडे के हिसाब से बदलना चाहती है।
11:45 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
राहुल गांधी संसद से बाहर निकले; VIDEO
11:09 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
कांग्रेस सांसद बोलीं- महिला आरक्षण का मुद्दा दोबारा क्यों उठाया
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा, महिलाओं के लिए आरक्षण का किसी ने कभी विरोध नहीं किया। इसे सर्वसम्मति से पारित किया गया था। इसे बार-बार दोहराने का कोई मतलब नहीं है। असली सवाल यह है कि आपने इसे फिर से किस मकसद से उठाया है? इसे इतनी जल्दबाजी में पेश करने और इसे परिसीमन से जोड़ने के पीछे क्या उद्देश्य है? यह देखते हुए कि नई जनगणना जल्द ही होने वाली है, आपको पहले उसका इंतजार करना चाहिए था।
10:42 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
कांग्रेस सांसद बोले- यह संविधान और संघीय सिद्धांतों के खिलाफ है
महिला आरक्षण विधेयक पर कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा, यह संविधान और संघीय सिद्धांतों के खिलाफ है। यह देश की एकता के भी खिलाफ है। वे ये प्रस्ताव केवल राजनीतिक लाभ उठाने के लिए लाए हैं।
10:16 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पीएम बोले- जो काले कपड़े पहनकर आए, वो नजर का टीका
मोदी ने कहा- हमारे यहां परंपरा है किसी की नजर न लगे इसके लिए काला टीका लगाते हैं, इसलिए मैं आपका (डीएमके) धन्यवाद करता हूं। दरअसल, पीएम ने डीएमके का नाम लिए बिना जिक्र किया। डीएमके सांसद आज परिसीमन बिल का विरोध करने के लिए काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे थे।

10:12 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पीएम बोले- इस बिल को राजनीति के तराजू से न तौलें
पीएम ने कहा कि मैं आग्रह करूंगा कि सर्वसम्मति से आगे बढ़ाएं। इससे ट्रेजरी पर भी दवाब रहता है। मैं इतना ही कहूंगा कि इसको राजनीति के तराजू से न तौलें। देश के इतने बड़े देश का आधा जिम्मा जो उठा रहे हैं उन्हें रोकना नहीं चाहिए। संख्या के संबंध में भी एकमत पहले से था, कि जो हैं उनका कम मत करो, ज्यादा कर दो। ताकि किसी को ऐसा न लगे कि मैं छूट गया।
10:08 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- महिलाएं समस्याओं का समाधान अच्छे से ढूंढती हैं

पीएम ने कहा- हमारी संसदीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी आंकड़ों का खेल या लोकतंत्रिक व्यवस्था में सुधार तक सीमित नहीं हैं। लोकतंत्र की जननी के रूप में ये निर्णय भारत का कमिटमेंट है। इसी के कारण पंचायतों में यह व्यवस्था बनी। हमने अनुभव किया है कि मुझे लंबे अरसे तक मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने का जनता ने अवसर दिया। उसी दौरान ग्रासरूट लेवल पर वीमन लीडरशिप को देखा है।
मेरा अनुभव है कि संवेदनशीलता के साथ समस्याओं के समाधान के लिए उनका कमिटमेंट अद्भुत रहा है। इस सदन में उनकी आवाज नई शक्ति बनेगी। तथ्य और तर्कों के आधार पर अनुभव जब जुड़ता है तो नया परिणाम आतता है।
नारी शक्ति बहुत अच्छा सहयोग देंगी। आज भी जो बहनें यहां हैं उन्होंने सदन को समृद्ध किया है। आज देश में 650 से ज्यादा पंचायतें, 275 से ज्यादा महिलाएं हैं।
आज देश में अर्बन लोकल बॉडीज में भीबहनेों की ताकत है। आज देश जो प्रगति कर रहा है उसमें महिलाओं का योगदान है। जब ये अनुभव सदन के साथ जुड़ेगा तब वह अनेक गुना ताकत बढ़ा देगा। एक लंबी प्रतीक्षा, एक प्रकार से हम सबके लिए सवालिया निशान पैदा हो, ये हमने ही किया था। पुरानी जो मुश्किलें रही होंगी उससे बाहर निकलें। और नारी शक्ति का राष्ट्र के विकास में सहयोगी बनाएं।
10:03 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- मेरा स्वार्थ नहीं, आपको क्रेडिट चाहिए तो ले लो
मोदी ने कहा- आपको करना नहीं था, इसलिए बहाने लगा दिए। अब देश की नारी को नहीं समझा पाओगे। सदन में नंबर का खेल तो बाद में सामने आएगा। 3 दशक तक इसको फंसाकर रखा, जो करना था कर लिया। अब छोड़ दो न भाई। यहां कुछ लोगों को लगता है, इसमें कहीं न कहीं मोदी का राजनीतिक स्वार्थ है।
इसका अगर विरोध करेंगे तो स्वभाविक है कि राजनीतिक लाभ मुझे होगा। अगर साथ चलेंगे तो किसी को भी नहीं होगा। फिर अलग पहलू हो जाता है। हमें क्रेडिट नहीं चाहिए जैसे ही पारित हो जाए तो मैं एड देकर सबको धन्यवाद देने तैयार हूं। सबकी फोटो छपवा देंगे। ले लो जी क्रेडिट। सामने से क्रेडिट का ब्लैंक चेक आपको दे रहा हूं।
09:59 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
मोदी ने कहा- हम देश की नारी शक्ति को कुछ दे रहे हैं, ये उनका हक है
मोदी ने कहा- हम भ्रम में न रहें, हम अहंकार में न रहें। मैं और तुम की बात नहीं कर रहा हूं मैं कि हम देश की नारी शक्ति को कुछ दे रहे हैं। ये उनका हक है। और हमने कई दशकों से उसको रोका है। आज उसका प्रायश्चित करके उस अपराध से मुक्ति पाने का अवसर है।
हम सब जानते हें कि कैसे चालाकी चतुराई की है। हम इसके पक्ष में ही हैं। लेकिन हर बार कोई न कोई टेक्निकल पूंछ लगाकर रोक दिया गया।
09:57 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- अगर आपको गारंटी चाहिए तो वो भी देता हूं
मोदी ने कहा- मैं कहना चाहूंगा कि यहां बैठकर हमें संविधान ने देश को टुकड़ों के रूप में सोचने का अधिकार ही नहीं दिया है। कश्मीर हो या कन्या कुमारी हम एक देश के रूप में ही इसे सोच सकते हैं। राजनीतिक लाभ लेने के लिए जो बवंडर खड़ा किया जा रहा है उस पर मैं जिम्मेवारी के साथ कहना चाहता हूं कि निर्णय प्रक्रिया किसी के साथ भी भेदभाव नहीं करेगी।
ये प्रक्रिया किसी के साथ अन्याय नहीं करेगी। भूतकाल में जो सरकार रहीं, जो उस समय से अनुपात चला आ रहा है समें भी बदलाव नहीं होगा।
अगर गांरटी शब्द चाहिए तो मैं वह शब्द भी उपयोग करता हूं, वादा की बात करते हो तो उसे भी इस्तेमाल करता हूं। तमिल में कोई शब्द हो तो मैं उसे भी कहता हूँ। क्योंकि जब नीयत साफ है तो शब्दों का खेल करने की जरूरत नहीं है।
09:55 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पीएम बोले- 2023 में खुशी हुई कि उस पर राजनीतिक रंग नहीं लगा
मोदी ने कहा- 2023 में इस नए सदन में हमने सर्व सम्मति से इस अधिनियम को स्वीकार किया था। पूरे देश में खुशी हुई उस पर राजनीतिक रंग नहीं लगा। ये अच्छा था। अब सवाल है कि इसे कितने समय तक रोकना है। यहां जो लोग जनसंख्या का विषय उठाते हैं क्या उनको मालूम नहीं है। हमने जनगणना के लिए क्या क्या किया था।
लेकिन पिछले दिनों जब हम 2023 में चर्चा कर रहे थे तब हर कोई कह रहा था कि इसे जल्दी करो। तब हमारे पास समय नहीं था। अब हम इसे 2029 में करने वाले हैं। इसलिए समय की मांग है कि हम और ज्यादा विलंब न करें। इस दौरान संविधान के जानकार लोगों से चचा्र की, सारा मंथन करते करते। यह सामने आया कि कुछ रास्ता निकालना होगा तब हम माता बहनों की शक्ति को जोड़ सकते हैं।
09:52 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- देश निर्णय से ज्यादा हमारी नीयत देखेगी
मोदी ने कहा- इतना बड़े वर्ग को हम हिस्सेदारी से रोकने में क्यों ताकत लगा रहे हैं। उनके जुड़ने से हमारी ताकत बढ़ेगी। मैं अपील करने आया हूं कि इसको राजनीतिक तराजू से मत तौलिए।
आज का यह अवसर एक साथ बैठकर एक दिशा में सोचकर विकसित भारत बनाने में खुले मन से स्वीकार करने का अवसर है। मैंने पहले भी कहा कि आज पूरा देश विशेषकर नारी शक्ति हमारे निर्णय तो देखेगी लेकिन उससे ज्यादा हमारी नीयत को देखेगी। इसलिए हमारी नीयत की खोट देश की नारी शक्ति कभी माफ नहीं करेगी।
09:50 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- आज विरोध करने वाले लंबे समय तक कीमत चुकाएंगे

पीएम ने कहा- मैं किसी दल की बात नहीं कर रहा हूं। जो भी राजनीति में आगे बढ़ना चाहते हैं उन्हें मानना होगा लाखों बहनें, ग्रासरूट लेवल पर लीडर बन चुकी हैं। इसलिए जो आज विरोध करेंगे उसे लंबे समय तक कीमत चुकानी पड़ेगी। इसलिए समझदारी इसी में है कि हम ग्रासरूट लेवल पर महिला लीडरशिप को कंसीडर करना पड़ेगा।
सपा सांसद धर्मेंद्र ने कहा- पिछड़ी जाति के साथ आप अन्याय ना करें। आप भी पिछड़ी जाति से आते हैं। इस पर पीएम मोदी ने कहा- धर्मेंद्र जी मैं आपका आभारी हूं कि आपने मेरी पहचान करा दी। ये बात सच है कि मैं अति पिछड़े समाज से आता हूं। अखिलेश जी मेरे मित्र हैं, इसलिए मदद कर देते हैं।
09:45 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- पंचायत में आरक्षण दे देते हैं, क्योंकि खुद का पद नहीं जाता
पीएम ने कहा- जब मैं संगठन का एक कार्यकर्ता था तब चर्चा सुनने मिलती थी कि देखिए ये कैसे लोग हैं, पंचायतों में आरक्षण आराम से दे देते हैं, लेकिन क्योंकि उनमें उनको खुद का पद जाने का डर नहीं लगता है। हम सुरक्षित हैं इसलिए दे दो। इसलिए पंचायत में 50 प्रतिशत तक पहुंच गए।
मैं एक और बात कहता हूं कि जिसने 30 साल पहले जिसने विरोध किया वह राजनीतिक गलियारों से नीचे नहीं गया।लेकिन ग्रास रूट पर आज वहीं बहनें वोकल हैं। लाखों बहनें जो काम कर चुकी हैं वे मुखरित हैं। वे कहती हैं कि हमें निर्णय प्रकि्रया में जोड़ो। जो संसद में होती है।
09:43 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पीएम बोले- जिसने महिलाओं के अधिकार का विरोध किया, उसका बुरा हाल हुआ
पीएम ने कहा- हमारे देश में जब जब चुनाव आया है उसमें महिलाओं को मिलने वाले इस अधिकार का जिस जिसने विरोध किया है उसका हाल बुरे से बुरा किया है। ये भी देखिए 2024 के चुनाव में ऐसा नहीं हुआ। क्योंकि किसी ने विरोध नहीं किया। तब सब साथ में थे। आज भी मैं कहता हूं कि हम साथ जाते हैं तो इतिहास गवाह है कि ये किसी एक के पक्ष में नहीं जाएगा, ये देश के लोकतंत्र के पक्ष में जाएगा। हम सब उसके हकदार रहेंगे।
इसलिए जिन को इसमें राजनीति की बू आ रही है वो खुद के परिणामों को देख लें। इसी में फायदा है जो नुकसान हो रहा है उससे बच जाओगे। इसलिए इसे राजनैतिक रंग देने की जरूरत नहीं है।
09:41 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- मंथन से जो अमृत निकलेगा वो देश की राजनीति बदल देगा
मोदी ने कहा- मुझे विश्वास है कि इस मंथन से जो अमृत निकलेगा वो देश की राजनीति की भी रूप स्वरूप को तय करेगा, लेकिन ये देश की दिशा और दशा भी तय करने वाला है। 21वीं सदी में भारत नए आत्मविशवास के साथ आगे बढ़ रहा है। दुनिया में भारत की स्वीकृति महसूस कर रहे हैँ। एक समय हमारे पास आया है। इसे विकसित भारत के साथ जोड़ा है।
मैं यह मानता हूं कि विकसित भारत का मतलब सड़के रेल या संरचना से जुड़े आंकड़े नहीं हैं, लेकिन इसका मतलब नीति निर्धारण में देश की आधी आबादी हिस्सा बने यह भी है। हम पहले ही देर कर चुके हैं। इसे सभी को स्वीकार मानना होगा। जब हम अकेले मिलते हैं, तो यह मानते हैं कि हां ये जरूरी है। लेकिन जो राजनैतिक दिशा में ही सोचते हैं मैं उनहें एक सलाह देना चाहता हूं मित्र के रूप में, जो उनके काम आएगी।
09:38 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पीएम बोले- देश की आधी आबादी राष्ट्र निर्माण में सहयोग करेगी
मैंने पहले भी कहा है कि हम भाग्यवान हैं कि हमें देश की आधी आबादी को राष्ट्र निर्माण की नीति बनाने की प्रक्रिया में शामिल करने का सौभाग्य मिल रहा है। हम सभी सांसद इस अवसर को जाने न दें। हम भारतीय सब मिलकर के देश को नई दिशा देने जा रहे हैं। हमारी शासन वयवस्था को संवेदनशीलता से भरने का एक सार्थक प्रयास करने जा रहे हैं। मुझे विश्वास है कि इस मंथन से जो अमृत निकलेगा वो देश की राजनीति की भी रूप स्वरूप को तय करेगा, लेकिन ये देश की दिशा और दशा भी तय करनेवाला है।
09:36 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- राष्ट्र के जीवन में कुछ बड़े पल आते हैं
मोदी ने कहा- राष्ट्र के जीवन में कुछ बड़े पल आते हैं उस समय समाज की मनोस्थिति एक मजबूत धरोहर तैयार कर देती हैं। मैं समझता हूं संसद के इतिहास में ये वैसे ही पल हैं। आवश्यकता यही थी कि 25 से 30 साल पहले जब ये विचार सामने आया।
जरूरत महसूस हुई तब इसे लागू कर देते और आज तक इसे परिपक्वता तक पहुंचा देते। जरूरत पड़ने पर सुधार कर देते। हम मदर ऑफ डेमोक्रेसी रहे हैं। हमारी हजार साल की विकास यात्रा रही है।
09:34 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- इस विधेयक पर सुबह से चर्चा चल रही है
पीएम मोदी ने कहा- इस महत्वपूर्ण विधेयक पर सुबह से चर्चा चल रही है। काफी साथी यहां से भी जिन मुद्दों को स्पर्श किया गया है उसको तथ्यों और तर्क से सदन को जरूर जानकारी देंगे। इसलिए मैं उन विषयों में जाना नहीं चाहता।
09:31 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पीएम मोदी लोकसभा पहुंचे, थोड़ी देर में बोलेंगे
पीएम मोदी संसद पहुंच गए हैं। वे थोड़ी देर में महिला आरक्षण को लेकर पेश किए गए तीन बिलों पर अपनी बात रखेंगे।
09:28 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
चिराग पासवान बोले- महिला आरक्षण की मांग दशकों से पेंडिंग थी
महिला आरक्षण विधेयक पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, यह मांग कोई नई नहीं है। यह दशकों से पेंडिंग है। देश की आधी आबादी का उचित प्रतिनिधित्व और समुचित विकास सुनिश्चित करने के लिए महिला आरक्षण आवश्यक है।
09:14 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हेमा मालिनी बोलीं- विपक्ष को समर्थन देना चाहिए
महिला आरक्षण विधेयक पर BJP सांसद हेमा मालिनी ने कहा, यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है क्योंकि यह देश की महिलाओं को सम्मान देने से जुड़ा है। उन्हें (विपक्ष को) इसमें अपना समर्थन देना चाहिए।
08:50 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अखिलेश बोले- हम चाहते हैं कि पहले जनगणना हो

अखिलेश ने कहा- ये लोग पिछड़े वर्ग की 33 प्रतिशत महिलाओं को उनका हक नहीं देना चाहते हैं। जब परिसीमन की बारी आई तो इन लोगों ने पूरी रणनीति बनाई, कि कैसे क्षेत्र बनाए जाएं कि इसका फायदा इन लोगों को ही मिले। इसलिए हम चहते हैं कि पहले जनगणना हो, जब आंकड़े आ जाएं तभी परिसीमन हो। इसलिए हमारी मांग है कि आधी आबादी में पिछड़ी और मुस्लिम महिलाओं को जोड़कर भी जनगणना हो।
08:48 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अखिलेश बोले- हम महिला आरक्षण के साथ लेकिन भाजपाई साजिश के खिलाफ
भाजपा जानती नहीं है कि उनसे सबसे ज्यादा दुखी महिलाएं ही हैं। जब हम महिला आरक्षण पर बहस कर रहे हैं तो हमारे बिलकुल बगल में 40 हजार लोग सड़कों पर हैं। वहां महिलाएं धरने पर बैठी हैं। वे इसलिए हैं कि उन्हें न्याय नहीं मिला रहा है। हम महिला आरक्षण के साथ हैं लेकिन भाजपाई साजिश के खिलाफ हैं। देश की सबसे बड़ी आबादी को लेकर ये चुप्पी साधे हैं।
जब हम पीएम को सुनते थे तो वे कहते थे कि वे पिछड़े वर्ग से आते हैं। लेकिन संशोधन के नाम पर जो जल्दबाजी दिखा रहे हैं वो जनगणना में जातीय जनगणना न करवाने के लिए है।
08:46 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अखिलेश ने कहा- महिला जागृत है तो पूरा समाज जागृत हो जाता है
भाजपा ये बताए कि 21 स्टेट में उनकी सरकारें हैं कितनी मुख्यमंत्री महिलाएं हैं। जो दिल्ली की हैं भी वे हाफ सीएम हैं।
अधिकार कहां हैं उनके? क्या उनके पास हैं? अभी तक जो सबसे बड़ी पार्टी है कहते हैं खुद को। पूरे देश में इनके विधायक चुने हैं। आप 10 प्रतिशत से ऊपर नहीं जा पा रहे हैं। फिर लोकसभा की गिनती में कितनी संख्या में आप हैं?
जहां हम कहते हैं कि हम महिला आरक्षण के पक्ष में हैं, वहीं हमारे कुछ सवाल हैं। अगर हम अपनी बात कहना चाहें तो डॉ. राममनोहर लोहिया ने हमेशा महिलाओं को पुरुषों के बराबर हिस्सेदारी हर क्षेत्र में देने की बात कही गई है। अगर महिला जागृत है तो पूरा समाज जागृत हो जाता है। मैं याद दिलाना चाहता हूं कि यूपी में पंचायत में महिलाओं के लिए सबसे ज्यादा आरक्षण लागू करने का काम समाजवादी पार्टी ने किया है। हमारा सवाल है कि भाजपा को इतनी जल्दी क्यों है। सच ये है कि वे जनगणना को टालना चाहती है। जनगणना जातीय जनगणना की वजह से टालना चाहती है। क्योंकि वे आरक्षण देना नहीं चाहते हैं।
एक चुनावी सच ये भी है कि भाजपा की नीति का भंडाफोड़ SIR के जरिए हो गया है। जब पहली गिनती में हम वोट बचाने में कामयाब हो गए तो BJP फॉर्म 7 लेकर आई। उसे ऐसे बांटना शुरू किया उसे भी हमने पकड़ लिया। उससे पता चला कि फॉर्म 7 बंद हो गया। SIR के बहाने लाए गए फॉर्म 7 को लेकर चुनाव आयोग को बताया तो वोट कटना रुक गया। लेकिन नकली साइन करने पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। हमने हेराफेरी पकड़ी, भाजपा की कलई खुल गई। इस निराशा के दौर से उबरने के लिए वह महिला आरक्षण का बिल लेकर आ रही है। असली मकसद सत्ता में रहना है इसलिए आरक्षण को ला रहे हैं। पुराने लोग यह समझ जाते हैं कि भाजपा किसी की सगी नहीं है। हर बार वह नए लोगों को लेकर आती है। इस बार इनका निशाना महिलाएं हैं।
08:39 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अखिलेश बोले- बीजेपी ने नारी को नारा बना दिया
सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा- अध्यक्ष महोदय मैं BJP के सदस्यों को सुन रहा था। समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष हैं। हमारा इतिहास रहा है कि हमने महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है।
डॉ. लोहिया हमेशा जेंडर जस्टिस और सोशल जस्टिस के पक्ष में रहे। हम भी उसी राह पर हैं। ये लड़ाई हमारी लगातार चल रही है। आरक्षण हमारे आह्वान को और मजबूत कर रहा है।
अब भारतीय जनता पार्टी नारी को नारा बनाने की कोशिश कर रही है। बीजेपी इसे बदलने की कोशिश कर रही है। जिन्होंने नारी को अपने संगठन में नहीं रखा वे उसके मान सम्मान को कैसे रखेंगे।
पिछले कई साल से ये लोग सरकार में हैं। मैं सुन रहा था मंत्री जी ने कई योजनओं की जानकारी दी। लेकिन हम दुनिया के आंकड़े देखें तो हम जेंडर इक्वालिटी में कहां खड़े हैं। इनकी खुद की सरकार को देखें तो इनकी 21 जगह सरकार है।
08:16 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
भाजपा नेता बोले- परिसीमन से तमिलनाडु को फायदा, सीटें बढ़ेंगी

तमिलनाडु में BJP नेता के अन्नामलाई ने कहा- जब मैं आज सुबह तिरुचेंदुर, मुदुकुलथुर और रामनाथपुरम से गुजरा तो मुझे कहीं भी एक भी काला झंडा दिखाई नहीं दिया। बस स्टालिन ही काला झंडा फहरा रहे हैं। परिसीमन 2011 की जनगणना के आधार पर लागू नहीं किया जाएगा। स्टालिन घूम-घूमकर गलत जानकारी फैला रहे हैं। परिसीमन के जरिए तमिलनाडु से सांसदों की संख्या 39 से बढ़कर 59 हो सकती है।
08:10 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
भाजपा सांसद सूर्या ने कहा- विपक्ष लोगों को गुमराह कर रहा
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत में लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, मैं दक्षिण से, कर्नाटक से आता हूं। पिछले तीन दिनों में हमने दक्षिण भारत में विपक्ष का अत्यंत अराजक तरीके से व्यवस्थित रूप से भ्रामक प्रचार देखा है। परिसीमन कोई बैकडोर प्रक्रिया नहीं है, हम केवल वही कर रहे हैं जो संविधान में निर्धारित है।
सूर्या ने कहा कि यदि लोकसभा सीटों को स्थिर (फ्रीज) रखा जाता है और महिला आरक्षण को उसी रूप में लागू किया जाता है, तो अनुच्छेद 81 के एक व्यक्ति, एक वोट, एक मूल्य के सिद्धांत को नुकसान होगा।
08:03 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
DMK सांसद बोले- हम परिसीमन बिल का विरोध कर रहे हैं
महिला आरक्षण बिल पर DMK सांसद टी. शिवा ने कहा- हम परिसीमन बिल का विरोध कर रहे हैं। इसके अलावा, वे महिला आरक्षण को भी इसके साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। हम हमेशा महिलाओं के अधिकारों के पक्ष में रहे हैं। हम मौजूदा 543 सीटों के अंदर ही आरक्षण देने को तैयार हैं, जिसका हमने पहले सर्वसम्मति से समर्थन किया था। उन्होंने तीनों बिलों को एक साथ जोड़ दिया है। भविष्य में दक्षिणी राज्यों का कोई प्रतिनिधित्व नहीं होगा।
07:50 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
नितिन गडकरी बोले- यह महिलाओं के लिए एक ऐतिहासिक विधेयक है
महिला आरक्षण विधेयक पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, यह महिलाओं के लिए एक ऐतिहासिक विधेयक है। मेरा मानना है कि देश के इतिहास में यह एक क्रांतिकारी विधेयक है। लोकतंत्र में महिलाओं को समान अवसर मिलेंगे।
07:25 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
गौरव गोगोई बोले- महिला आरक्षण को परिसीमन के साथ न जोड़ें

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा- हमने कानून मंत्री की बात सुनी, उनकी बातों से लग रहा था कि पहली बार सदन के अंदर महिला आरक्षण पर चर्चा हो रही है। ऐसा उन्होंने ढांचा बनाने की कोशिश की। आज से ही 3 साल पहले गृह मंत्री ने ऐसी ही बातें की थीं।अगर दोनों की बातें सुनेंगे तो 90 प्रतिशत वही बातें हैं, जो आज कानून मंत्री ने कहीं। उस समय भी ऐसी ही बातें थीं। तब भी हमने यही कहा था कि हमारी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में हैं, लेकिन इसे सरल कीजिए, ताकि जब पारित हो तभी लागू हो जाए। इसे परिसीमन के साथ न जोड़ें।
07:17 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
कांग्रेस सांसद बोले- परिसीमन से वर्गों को बांटने की साजिश हो रही
महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, सभी विपक्षी दलों ने मिलकर यह फैसला किया है कि हम महिला आरक्षण के समर्थन में हैं, हम महिलाओं के लिए आरक्षण चाहते हैं। हम 2023 में पारित प्रस्ताव के साथ खड़े हैं, लेकिन परिसीमन के जरिए वे सभी वर्गों को बांटने और संवैधानिक ढांचे को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहे हैं, और हम इसका विरोध करते हैं।
07:02 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
राज्यसभा ने गुरुवार को अपने उपाध्यक्षों के पैनल का पुनर्गठन किया
राज्यसभा ने गुरुवार को अपने उपाध्यक्षों के पैनल का पुनर्गठन किया, जिसमें BJP, कांग्रेस, AIADMK और BJD के छह सदस्यों को 15 अप्रैल से प्रभावी रूप से नामित किया गया। पुनर्गठित पैनल में BJP से दिनेश शर्मा, एस फांगनोन कोन्याक और घनश्याम तिवारी; कांग्रेस से फूलो देवी नेताम; AIADMK से एम. थंबीदुरई; और BJD से सस्मित पात्रा शामिल हैं।
07:01 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लोकसभा में तीनों बिलों पर चर्चा शुरू, मेघवाल जवाब दे रहे हैं
तीनों बिलों पर लोकसभा में चर्चा शुरू हो गई है। भाजपा की तरफ से अुर्जन राम मेघवाल ने चर्चा की शुरुआत की। उन्होंने कहा- हमारे संविधान निर्माताओं ने संविधान को यह शक्ति दी है कि संशोधन करके लोकहित के फैसले ले सकते हैं। ये तीनों बिल, महिलाओं के लिए हैं। हमारे पास सामाजिक न्याय के लिए नीयत भी है, नीति भी है और मोदी जैसा नेता भी है।
06:57 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
तीनों विधेयक पर 17 अप्रैल को शाम 4 बजे वोटिंग होगी
लोकसभा में पेश किए गए तीनों बिलों पर 17 अप्रैल को शाम 4 बजे वोटिंग होगी। सरकार ने 12 घंटे चर्चा का समय तय किया है।
06:52 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
शाह बोले- विपक्ष इसलिए विरोध कर रहा क्योंकि मीटिंग में यही तय किया
अमित शाह ने कहा- ये दो कानून जरूरी थे, इसलिए साथ में लाए गए। संविधान संशोधन के बाद जो जरूरत उत्पन्न होती है। इसलिए इन्हें लाया गया। अभी हम चर्चा करेंगे। विपक्ष ने बस कल मीटिंग में तय किया कि वे विरोध करेंगे इसीलिए हंगामा कर रहे हैं।
ओम बिरला: गृह मंत्री ने इस बिल को पारित करने का प्रस्ताव रखा है। इसलिए दोनों बिल पर चर्चा हो सकती है।
06:45 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
बिलों को पुर्नस्थापित करने के लिए वोटिंग की गई, पक्ष में 251 सांसद
बिलों को पुर्नस्थापित करने के लिए ध्वनि मत से पास कराने की कोशिश की गई। इसके बाद विपक्ष ने मत विभाजन मांगा। इसके बाद स्पीकर ने इसके लिए वोटिंग की अनुमति दी। पक्ष में 251, विपक्ष में 185 वोट पड़े।
06:40 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
संसद में पक्ष और विपक्ष दोनों महिला सांसदों ने खिंचवाई फोटो
06:13 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ओवैसी बोले- मैं संविधान संशोधन बिल का विरोध करता हूं
AIMIM सांसद ओवैसी ने कहा- मैं संविधान संशोधन बिल का विरोध करता हूं। ये बिल सिर्फ महिला आरक्षण के लिए नहीं है। ये संघवाद के विरोधी हैं।
06:11 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
टी आर बालू ने कहा- ये तीनों बिल सैंडविच बिल
डीएमके सांसद टीआर बालू ने सदन में पेश तीनों बिलों का विरोध किया। उन्होंने कहा कि ये तीनों बिल ही सैंडविच बिल हैं, हम विरोध करते हैं। हमने काले झंडे दिखाए। इस पर स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि आप चाहे पीले झंडे दिखाओ या काले दिखाओ। इससे सदन को कोई फर्क नहीं पड़ता।
06:04 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अखिलेश बोले- धोखा देकर बिल ला रहे, शाह बोले- सदन की कार्यवाही पूरा देश देख रहा
सपा सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि जनगणना क्यों नहीं करा रहे। आप धोखा देकर ये बिल लाना चाहते हैं।
इस पर अमित शाह ने कहा- अध्यक्ष जी सदन की कार्यवाही को पूरा देश देख रहा है। कुछ बयान ऐसे किए गए जो जनता में चिंता पैदा कर रहे हैं।
अखिलेश पूछ रहे हैं जनगणना क्यों नहीं हो रही है। मैं देश को बताना चाहता हूं जनगणना जारी है। उन्होंने कहा कि हम जातीय जनगणना की मांग करेंगे। मैं बताना चाहता हूं कि सरकार इसका भी निर्णय ले चुकी है। और जाति के साथ ही यह जनगणना हो रही है। धर्मेंद्र जी कह रहे हैं कॉलम नहीं है। उनको पता होना चाहिए कि अभी घरों की गिनती हो रही है और घरों की जाति नहीं होती है। जब लोगों की गण्ना होगी तो जाति की भी गणना होगी। आपने जो नियम 72 की खिड़की के बारे में बताया है उसका इस्तेमाल कर धर्मेद्र यादव ने किया है। मुस्लिमों को धर्म के आधार पर आरक्षण गैर संवैधानिक है, इसका सवाल ही पैदा नहीं होता। अखिलेश यादव: अनडेमोक्रेटिक बात कही है। धर्म की बात कही होगी। पूरा देश आधी आबादी को आरक्षण चाहता है। मैं जानना चाहता हूं कि मुस्लिम महिलाओं के लिए क्या। अमित शाह: समाजवादी पार्टी पूरी टिकटें मुस्लिम महिलाओं को दे दे, हमें कहां आपत्ति है।
05:55 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
सपा सांसद ने कहा- तीनों बिलों को वापस लिया जाए
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा- सरकार संविधान के विरोध में काम कर रही है। महिला बिल की चासनी घोल ये काम जो किया जरा है वह गलत है। तीनों बिलों को वापस लिया जाए।
05:40 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
भाजपा सांसद रवि किशन बोले- हर भारतीय महिला का सपना पूरा होगा
भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा- हर भारतीय महिला इसका सपना देख रही थी। अब भी विपक्ष कहता है कि वे विरोध कर रहे हैं। सदन में हर महिला की एक आवाज होगी। मोदी सरकार ने इन दबी हुई आवाजों को ताकत और सम्मान दिया है और यह हमारे लिए सिर्फ एक बिल नहीं है, यह हमारे मूल्यों को दर्शाता है और एक विकसित भारत के लिए राष्ट्रीय नीति बन जाएगा।
05:32 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
भाजपा की तरफ से बांसुरी स्वराज, कंगना रनोट बोलेंगी
लोकसभा में बीजेपी की ओर से चर्चा की शुरुआत कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल करेंगे। भाजपा की तरफ से बहस में सांसद बांसुरी स्वराज, रक्षा खडसे, अपराजिता सारंगी, कंगना रनोट और धर्मशीला गुप्ता शामिल होंगी।
05:26 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लोकसभा में आरक्षण बिल पर विपक्ष ने मीटिंग की; VIDEO
05:04 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिजिजू बोले- आरक्षण बिल पर लोगों को गुमराह किया जा रहा
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री राजनीति कर रहे हैं और यहां कुछ लोगों ने उन्हें गुमराह किया है। महिला आरक्षण के खिलाफ कोई नहीं है, लेकिन वे इसे हराने के लिए कोई बहाना ढूंढ़ रहे हैं, जो नहीं किया जाना चाहिए। अगर आप किसी बहाने से महिला आरक्षण को हराना चाहते हैं, तो यह सबसे दुर्भाग्यपूर्ण पल होगा। इसलिए, तमिलनाडु या किसी भी राज्य को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्हें लोगों को गुमराह और भ्रमित नहीं करना चाहिए।
05:01 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अखिलेश बोले- जिस तरह से बिल लाया जा रहा, हम उसके खिलाफ
सपा सांसद अखिलेश यादव ने कहा, हम महिलाओं के लिए आरक्षण के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि जिस तरीके से यह बिल लाया जा रहा है, हम उसके खिलाफ हैं। वे दलितों, मुसलमानों और पिछड़े वर्गों के खिलाफ हैं। जब हम 33% आरक्षण की बात करते हैं, तो अगर हमारे पास सही आंकड़े ही नहीं हैं, तो हम आरक्षण कैसे दे सकते हैं?
04:58 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी संसद पहुंचे, VIDEO
04:42 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
कांग्रेस का 131वें संविधान संशोधन बिल का विरोध, नोटिस दिया
गुरुवार को कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) बिल, 2026 पेश किए जाने का विरोध करने के लिए एक नोटिस दिया। उन्होंने इस बिल से दक्षिणी राज्यों को होने वाले नुकसान की बात रखी है। ईडन ने लोकसभा महासचिव को सौंपे अपने नोटिस में कहा,’यह बिल संविधान पर एक सीधा हमला है। संविधान के अनुच्छेद 82 और 334A में संशोधन करके, यह बिल उस संवैधानिक आधार को हटा देता है, जिसने ऐतिहासिक रूप से परिसीमन को नवीनतम जनगणना से जोड़ा था। इसलिए, यह बिल मनमाने ढंग से लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने और सीमाओं को फिर से निर्धारित करने का प्रयास करता है। इससे केरल जैसे दक्षिणी राज्यों को निश्चित रूप से नुकसान होगा और संघीय संतुलन हिंदी भाषी राज्यों के पक्ष में झुक जाएगा।’
04:37 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पीएम मोदी ने कहा- देश आज ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहा है
पीएम मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर लिखा, ‘आज से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में हमारा देश महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाने के लिए तैयार है। हमारी माताओं और बहनों का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है, और इसी भावना के साथ हम इस दिशा में दृढ़तापूर्वक आगे बढ़ रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘आप, जो अपनी उज्ज्वल किरणों से संसार को आलोकित करती हैं, दिव्य रूप से प्रकाशित होती हैं। ऋचाओं (स्तुतियों) के माध्यम से कण्वों ने आपका गुणगान किया है, हे उदार, समस्त का पोषण करने वाली।’
04:34 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने कहा- आज बहुत बड़ा दिन
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल विशेष संसद सत्र के लिए अपने आवास से निकल गए हैं। उन्होंने कहा कि यह महिला आरक्षण विधेयक के लिए एक बहुत बड़ा दिन है। सभी को बहुत-बहुत बधाई।
04:31 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
कांग्रेस सांसद ने कहा- भाजपा की नीति और मंशा दोनों ठीक नहीं
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन विधेयक पर कहा,’कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमने 2023 में जब यह आया था, तब भी इसका समर्थन किया था।’
उन्होंने कहा, ‘भाजपा आरक्षण के नाम पर समाज में जहर घोलना चाहती है। वह लोकतंत्र को खत्म कर तानाशाही थोपना चाहती है। हम इसका विरोध करते हैं, क्योंकि परिसीमन के नाम पर जिस तरह जहर घोला गया है और जिस समय इसे लाया गया है, वह सवाल खड़े करता है।’
‘ऐसे समय में विशेष सत्र बुलाना, जब भाजपा का दो राज्यों के चुनावों में कोई प्रभाव नहीं है और वह बुरी तरह हार रही है, भाजपा की नीति और मंशा दोनों पर सवाल उठाता है।’
04:26 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
के. कविता ने कहा- तेलंगाना को भी महिला आरक्षण में बराबर की हिस्सेदारी मिले
तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष और भारत राष्ट्र समिति (BRS) की नेता के. कविता ने कहा, ‘तेलंगाना की संसद में वर्तमान हिस्सेदारी 3.13% है और परिसीमन के बाद हम उम्मीद करते हैं कि यही प्रतिशत तेलंगाना के प्रतिनिधित्व का आधार होना चाहिए। ‘केंद्र सरकार जो 50% की समग्र वृद्धि प्रस्तावित कर रही है, वह देखने में ठीक लगती है, लेकिन जब आप अन्य राज्यों की वृद्धि की तुलना तेलंगाना से करते हैं, तो अंतर अधिक स्पष्ट दिखता है। 3.13% हमारे राज्य के लिए आधार होना चाहिए। यदि यह घटता है, तो तेलंगाना के लोग निश्चित रूप से सड़कों पर उतरेंगे।’
‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्र सरकार महिला विधेयक को परिसीमन से जोड़ना चाहती है। इसके बजाय, उन्हें महिला विधेयक को ओबीसी आरक्षण विधेयक के पारित होने से जोड़ना चाहिए।’
04:14 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
स्टालिन ने परिसीमन बिल की प्रतियां जलाईं, कहा- यह काला कानून

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने गुरुवार को परिसीमन विधेयक का विरोध किया और बिल की प्रतियां जलाईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस काले कानून से तमिल लोगों को उनके ही राज्य में शरणार्थी बनाने की कोशिश है।
04:07 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
सपा ने कहा- हम परिसीमन बिल का विरोध करेंगे
समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, ‘महिला आरक्षण विधेयक पहले ही सर्वसम्मति से पारित हो चुका है और किसी ने इसका विरोध नहीं किया था। अब वे इसे (परिसीमन विधेयक) ला रहे हैं। यह उनकी गलत मंशा है, और हम इसका समर्थन नहीं कर सकते।
04:05 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
परिसीमन के खिलाफ चेन्नई में डीएमके का प्रदर्शन
DMK की नेता सेल्वी करुणानिधि ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के खिलाफ चेन्नई में विरोध प्रदर्शन किया।
04:01 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ये बदलाव कैसे होंगे, हर जरूरी सवालों के जवाब
1. कौन से बिल पेश होंगे: संविधान (131वां संशोधन) बिल, परिसीमन विधेयक (संशोधन) बिल और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) बिल, 2026 बिल पेश किए जाएंगे। इस पर चर्चा होगी।
2. महिला आरक्षण इतना जरूरी क्यों: देश की आधी आबादी महिलाओं की है। संसद में उनका प्रतिनिधित्व 14% के करीब रहा है। नीति निर्धारण में जेंडर समानता और महिलाओं के अधिकारों की प्राथमिकता देने लिए यह कदम उठाया जा रहा है।

04:00 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
महिला आरक्षण और परिसीमन पर पहले क्यों नहीं लिया गया फैसला
1970 के दशक में परिवार नियोजन कार्यक्रमों के कारण राज्यों के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए सीटों की संख्या को 2026 तक के लिए फ्रीज कर दिया गया था। 1971 की जनगणना के बाद से अब तक निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में तो बदलाव हुआ, लेकिन कुल सीटों की संख्या नहीं बढ़ाई गई।
कितनी सीटें बढ़ेंगी: लोकसभा सीटें 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 हो जाएंगी। राज्यों में 815 व केंद्र शासित क्षेत्रों के लिए 35 सीटें। इस बदलाव का असर राज्यसभा और देश की सभी विधानसभाओं पर भी होगा। यहां भी सीटें की संख्या बदल जाएंगी।

03:57 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
महिला आरक्षण 15 सालों के लिए लागू होगा, फिर आगे संसद तय करेगी
कुल सीटों में से 33% यानी 273 महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। महिलाओं के लिए यह आरक्षण 15 साल के लिए होगा। यानी 2029, 2034 और 2039 के लोकसभा चुनावों तक। इसके बाद इसे बढ़ाने का फैसला संसद करेगी।
आरक्षित सीटें हर चुनाव में बदलती रहेंगी, ताकि महिलाओं का हर जगह प्रतिनिधित्व मिल सके। इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए भी आरक्षण शामिल होगा। ये आरक्षित सीटें अलग-अलग क्षेत्रों में रोटेशन के आधार पर तय की जाएंगी। अभी लोकसभा में महिला सांसदों की संख्या 75 और राज्यसभा में 39 है।

03:55 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
परिसीमन में क्या होगा: सरकार कानून बनाकर तय करेगी
अभी तक सीटों का आधार 1971 की जनगणना थी, जो 2026 तक के लिए मान्य थी। परिसीमन कब होगा और किस जनगणना (जैसे 2011 या 2027) के आधार पर होगा, यह संविधान की जगह संसद एक साधारण कानून बनाकर तय कर सकेगी।
सरकार इसमें बदलाव कर रही है। इसके लिए जनसंख्या (आबादी) की परिभाषा को बदला जाएगा है। इससे संसद को यह तय करने का अधिकार मिलता है कि सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए किस डेटा को आधार बनाया जाए। इसके लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने की बात कही गई है।
संविधान में संशोधन कर सरकार परिसीमन आयोग बनाएगी। अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान या पूर्व जज होंगे। आयोग सभी निर्वाचन क्षेत्र (लोकसभा सीटें) दोबारा तय करेगा। आयोग का निर्णय अंतिम होगा। इसके फैसले को कोर्ट में चुनौती नहीं दे सकते।
03:54 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
सभी राज्य में लोकसभा सीटें 50% बढ़ेगी, 33% महिला आरक्षित

सरकारी सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया में 2011 की जनगणना को राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के आवंटन का एकमात्र आधार नहीं बनाया जाएगा।
इसके बजाय, परिसीमन एक ऐसे फॉर्मूले के आधार पर किया जाएगा, जिसमें सभी राज्यों में लोकसभा सीटें लगभग 50% तक समान रूप से बढ़ाई जाएंगी।
जैसे तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर 59 हो जाएंगी, जबकि 2011 जनगणना के आधार पर यह संख्या 49 होती। इसी तरह, केरल की हिस्सेदारी 20 से बढ़कर 30 हो जाएगी, जो पिछली पहले गणना के मुकाबले 7 ज्यादा है।
03:54 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
क्या सरकार लोकसभा में बिल पास करा पाएगी
संविधान संशोधन पारित कराने के लिए सरकार को बैक-चैनल बातचीत करनी होगी। भारतीय संविधान के ऑर्टिकल 368 के तहत, संविधान में संशोधन के लिए संसद के दोनों सदनों में विशेष बहुमत जरूरी होता है। कुल सदस्यों का बहुमत (50% से अधिक) और उपस्थित एवं मतदान करने वाले सदस्यों का दो-तिहाई बहुमत।
लोकसभा की वर्तमान संख्या 540 (कुल 543 में से) है। 3 सीटें खाली हैं। यदि सभी सांसद उपस्थित होकर मतदान करते हैं, तो कम से कम 360 सांसदों (दो तिहाई) को इसके पक्ष में वोट देना होगा।
वर्तमान में, भाजपा-नेतृत्व वाले नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) के पास 292 सांसद हैं, जबकि INDIA (विपक्ष) के पास 233 सांसद हैं। 15 सांसद किसी गठबंधन के साथ नहीं हैं।

03:53 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
तीन दशक से पेंडिंग था महिला आरक्षण बिल
संसद में महिलाओं के आरक्षण का प्रस्ताव करीब 3 दशक से पेंडिंग है। यह मुद्दा पहली बार 1974 में महिलाओं की स्थिति का आकलन करने वाली समिति ने उठाया था। 2010 में मनमोहन सरकार ने राज्यसभा में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण बिल को बहुमत से पारित करा लिया था।
तब सपा और राजद ने बिल का विरोध करते हुए तत्कालीन UPA सरकार से समर्थन वापस लेने की धमकी दी थी। इसके बाद बिल को लोकसभा में पेश नहीं किया गया। तभी से महिला आरक्षण बिल पेंडिंग है।
2023 में मोदी सरकार ने महिला आरक्षण बिल को पास कराया। यह कानून बना, अब इसमें संसोधन के जरिए बदलाव किया जा रहा है।

03:53 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
महिलाओं के प्रतिनिधित्व में पाकिस्तान से पीछे भारत

