पंकज केसरवानी | कौशांबी4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कौशांबी के सिहोरी टोल प्लाजा के एक वायरल वीडियो पर स्पष्टीकरण जारी किया है। प्राधिकरण ने बताया कि यह वीडियो कोई ताजा घटना नहीं, बल्कि 26 जून 2026 की सुबह करीब 6:40 बजे हुई एक पुरानी दुर्घटना से संबंधित है।
एनएचएआई के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) का एक एलपीजी टैंकर टोल प्लाजा के पास वाहन मोड़ते समय डिवाइडर के बुल नोज से टकरा गया था। इस टक्कर के कारण टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आग लग गई।

आग की चपेट में एलपीजी टैंकर के साथ-साथ टोल प्लाजा के बूथ और टोल कंट्रोल रूम भी आ गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई।
एनएचएआई ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बताया कि हादसे के तुरंत बाद एनएचएआई, जिला प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से आग पर शीघ्र काबू पा लिया गया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। समय पर की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

इस घटना के संबंध में, एनएचएआई ने आईओसीएल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्राधिकरण ने दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदारी तय करने के संबंध में आईओसीएल से जवाब मांगा है।
एनएचएआई ने सभी भारी वाहनों के चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और पूरी सावधानी के साथ वाहन चलाएं। विशेष रूप से सुबह के समय थकान या नींद की स्थिति में वाहन चलाने से बचने की सलाह दी गई है। प्राधिकरण ने दोहराया कि सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
