मेरठ में आयोग सदस्य ने दी शिक्षक भर्ती की जानकारी:अगस्त में आ सकता है 80,000 पद के लिए विज्ञापन


उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग में करीब 80 हजार शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की भर्ती प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुट गया है। संभावना है कि भर्ती का विज्ञापन अगस्त में जारी किया जाएगा। आयोग के सदस्य योगेंद्र नाथ सिंह ने शुक्रवार को मेरठ पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है। एडेड माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी, पीजीटी और प्रधानाचार्यों के पदों का अधियाचन जुलाई के मध्य तक आयोग को मिलने की उम्मीद है। अधियाचन प्राप्त होते ही भर्ती का विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। प्रस्तावित भर्ती में करीब 18 हजार टीजीटी, 3 हजार पीजीटी और लगभग 2500 हाईस्कूल व इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों के पद शामिल हैं। वहीं, बेसिक शिक्षा विभाग में करीब 55 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। इनमें 11,508 प्राथमिक शिक्षकों का अधियाचन आयोग को मिल चुका है, जबकि शेष पदों का अधियाचन जल्द मिलने की संभावना है। इसके अलावा एडेड डिग्री कॉलेजों में करीब 1700 असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भी भर्ती की जाएगी। योगेंद्र नाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि टीजीटी, पीजीटी और प्रधानाचार्य भर्ती की अधिकतम आयु सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। भर्ती पूर्व की व्यवस्था के अनुसार ही होगी। उन्होंने यह भी कहा कि पीजीटी भर्ती परीक्षा में बीएड की अनिवार्यता बरकरार रहेगी। आयोग सदस्य के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आयोग स्तर पर युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं, ताकि लंबे समय से रिक्त पड़े पदों पर जल्द नियुक्तियां की जा सकें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *