![]()
सहारनपुर में मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय का चौथा दीक्षांत समारोह सोमवार को सेठ गंगाप्रसाद माहेश्वरी जनमंच में आयोजित किया जाएगा। समारोह में स्नातक और परास्नातक के 22,315 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 14,733 छात्राएं और 7,582 छात्र शामिल हैं। इस बार भी छात्राओं की संख्या छात्रों से काफी अधिक रहेगी और कुल उपाधि प्राप्त करने वालों में उनका प्रतिशत करीब 66 रहेगा। दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुल 96 स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 84 कुलपति स्वर्ण पदक, छह कुलाधिपति स्वर्ण पदक तथा छह प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं। संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए कला संकाय में सबसे अधिक 35 कुलपति स्वर्ण पदक निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा विज्ञान संकाय में 26, कृषि में सात, शिक्षा में छह तथा वाणिज्य और विधि संकाय में पांच-पांच स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। समारोह में इस वर्ष संबद्ध महाविद्यालयों के तीन शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा। चयन समिति ने शिक्षण कार्य, शोध, नवाचार, शैक्षणिक उपलब्धियों और सामाजिक योगदान के आधार पर गोचर महाविद्यालय, रामपुर मनिहारान के डॉ. राजवीर सिंह और डॉ. सुरेंद्र मिश्रा तथा शामली के आरकेपीजी कॉलेज के डॉ. रोहित राणा का चयन किया है। तीनों शिक्षकों को राज्यपाल के हाथों सम्मानित किया जाएगा। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने सभी डिग्रियों को डिजीलॉकर पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की है, जिससे भविष्य में उन्हें डिजिटल रूप में आसानी से इस्तेमाल किया जा सके। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि समारोह का सुबह 10 बजे से यूट्यूब के माध्यम से सीधा प्रसारण कराया जाए, ताकि छात्र-छात्राएं और अभिभावक भी कार्यक्रम से जुड़ सकें। दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जिसमें विश्वविद्यालय के अधिकारी और आयोजन से जुड़े सभी कर्मचारी व्यवस्थाओं का अंतिम परीक्षण करेंगे।
Source link
MSU के दीक्षांत में 22 हजार विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि:सहारनपुर में 96 स्वर्ण पदक होंगे प्रदान, तीन शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से नवाजा जाएगा, रिहर्सल आज