स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कान्हा की नगरी तिरंगामय नजर आई
आजादी के पर्व स्वतंत्रता दिवस की मथुरा में धूम रही। शहर के प्रमुख तिराहे चौराहे तिरंगा रोशनी से जगमग हो रहे थे तो जगह जगह ध्वजारोहण किया गया। कलेक्ट्रेट में DM ने तो पुलिस लाइन में SSP ने ध्वजारोहण किया। आजादी के पर्व की झलक वृंदावन में भी दिखाई दी।
.
DM ने दी शुभकामना
80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट में DM चंद्र प्रकाश सिंह सहित आला अधिकारी मौजूद रहे। यहां DM चंद्र प्रकाश सिंह ने ध्वजारोहण किया इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी ने मथुरा जिला वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। पुलिस लाइन में SSP श्लोक कुमार ने ध्वजारोहण किया। नगर निगम में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने ध्वजारोहण किया।

कलेक्ट्रेट में DM ने ध्वजारोहण किया

पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी ने शपथ दिलाई
रंगनाथ मंदिर में हुआ ध्वजारोहण
दक्षिण भारतीय शैली के रंगनाथ मंदिर में भी स्वतंत्रता दिवस की झलक दिखाई दी। यहां मंदिर की CEO अनघा श्रीनिवासन ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने सभी को मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। ध्वजारोहण में प्रबंधक आर कृष्णन, लीगल एडवाइजर एम एल पांडे, कल्पना शर्मा, अमित विश्वास,कमला, गोपाल विश्वास,अर्जुन चौधरी, सौरभ गुप्ता, जितेंद्र के अलावा मंदिर दर्शन करने आए भक्त भी मौजूद रहे।

मंदिर की CEO अनघा श्रीनिवासन ने ध्वजारोहण किया
साधु संतों ने निकाली तिरंगा यात्रा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धर्म रक्षा संघ के नेतृत्व में वृंदावन में साधु संतों ने तिरंगा यात्रा निकाली। परिक्रमा मार्ग स्थित भागवतम पीठ से शुरू हुई इस तिरंगा यात्रा में साधु संत,धर्माचार्य हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय जयकार करते हुए चल रहे थे। तिरंगा यात्रा के समापन पर सभी ने राष्ट्र धर्म के साथ साथ सनातन धर्म की रक्षा और श्री कृष्ण जन्मस्थान पर भव्य मंदिर बनाने का संकल्प लिया।

वृंदावन में साधु संतों ने तिरंगा यात्रा निकाली
रिफाइनरी में ED ने किया ध्वजारोहण
मथुरा रिफाइनरी में राष्ट्र प्रेम की भावना को बढ़ावा देते हुए 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े जोश एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुकुल अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक मथुरा रिफाइनरी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के साथ की गयी। इसके उपरांत मुकुल अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया एवं राष्ट्रगान गाया ।
इस अवसर पर मथुरा रिफाइनरी के सभी मुख्य-महाप्रबंधक, महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, कमांडेंट (सीआईएसएफ), ऑफिसर्स एसोसिएशन व कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि, अतिथि, सरपंच, पार्षद व प्रबुद्धजन के अलावा इंडियन ऑयल परिवार के सदस्य व बच्चे भी उपस्थित थे। मुकुल अग्रवाल ने परेड का निरीक्षण किया और लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपनी विविधता का सम्मान करते हुए राष्ट्र की एकता को बढ़ावा देना है और वर्ष 2047 तक अपने राष्ट्र को ‘विकसित भारत’ बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए कार्य करना है।

मथुरा रिफाइनरी में आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुतियों ने सभी लोगों को देश भक्ति से ओतप्रोत कर दिया
बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह जैन इंटर कॉलेज चौरासी मथुरा में बड़ी धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । विद्यालय में ध्वजारोहण के समय डॉ सत्येन्द्र जैन , रजनीश कुमार जैन विद्यालय के सन् 1947 में छात्र रहे 92 वर्षीय किशन लाल जैन एवम् उनके पुत्र सतीश चन्द जैन के अलावा लाल चंद जैन , विद्यालय के प्रधानाचार्य निखिल अग्रवाल उपस्थित रहे । कार्यक्रम की शुरुआत बलिदानियों और स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र पर पुष्पार्पण और गणेश वंदना से की गई।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग एवं देशभक्ति के कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर बच्चो का उत्साह देखने योग्य बनता था ,जैन स्काउट दल द्वारा भी विशेष प्रकार से मीनार बनाकर एवं कमल का फूल बनाकर सभी अतिथियों को मोहित किया।

जैन 84 इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को अतिथियों ने सम्मानित किया
देशभक्ति और उत्साह के मध्य मनाया स्वतंत्रता दिवस
रामकली देवी सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, केशव धाम, वृंदावन में देशभक्ति, उत्साह के बीच 80वाँ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत भव्य एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्वामी सत्यमित्रानंद महाराज एवं अन्य अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि स्वामी सत्यमित्रानंद महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत को स्वतंत्रता अत्यंत जटिल, संघर्षपूर्ण और भयावह परिस्थितियों के बाद प्राप्त हुई है। असंख्य वीरों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को स्वतंत्र कराया। उन्होंने कहा कि आज हमें स्वतंत्रता के महत्व को समझते हुए स्वाभिमान और सम्मान के साथ राष्ट्र को आगे बढ़ाना है।