मोहनलालगंज4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र के ब्रह्मदासपुर गांव में शनिवार सुबह एक युवक ने पेड़ पर फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। उसके मोबाइल फोन में ‘LOVE’ लिखे नंबर पर कई मैसेज मिले हैं। 2 लाइन का सुसाइड नोट भी लिखा है। पुलिस इसे प्रथमदृष्टया एकतरफा प्यार में आत्महत्या मान रही है। युवक ब्रह्मदासपुर का नहीं था।
उसकी पहचान बदायूं जिले के बिल्सी थानाक्षेत्र के ग्राम हरगनपुर, पोस्ट सिरासौल के राजेश के बेटे अमन (20) के रूप में हुई है। शव के पास मिले आधार कार्ड और मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस ने शिनाख्त की। एसआई संदीप मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
रेलवे क्रॉसिंग के पास दुपट्टे के फंदे पर लटका
ब्रह्मदासपुर गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग के निकट कंजी के पेड़ से दुपट्टे के फंदे से लटका शव देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी। निगोहां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और जांच शुरू की। घटनास्थल पर पेड़ के नीचे एक बैग भी पड़ा मिला, जिसमें कपड़े और एक डायरी रखी थी।
मृतक के पिता राजेश ने बताया कि अमन हरियाणा के रोहतक में मजदूरी करता था। शुक्रवार शाम करीब आठ बजे उनकी बेटे से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान अमन परेशान लग रहा था। पिता ने उसे घर आने के लिए कहा था, लेकिन अमन ने आने से इन्कार कर दिया था। इसके बाद शनिवार सुबह उसके शव मिलने की सूचना मिली।
