अतुल कुमार सिंह | लखनऊ1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

राजधानी लखनऊ में बड़े मंगल के अवसर पर मीडिया फोटोग्राफर्स क्लब ने दिवंगत प्रेस फोटोग्राफरों की स्मृति में एक विशाल हनुमान भंडारे का आयोजन किया। यह कार्यक्रम क्लब की संयोजक मंजू श्रीवास्तव की देखरेख में संपन्न हुआ। इसमें बड़ी संख्या में पत्रकार, प्रेस छायाकार, कैमरामैन और फोटोग्राफी से जुड़े लोग शामिल हुए।
यह भंडारा दिवंगत फोटोग्राफर एस.एम. पारी द्वारा शुरू की गई परंपरा का एक हिस्सा है। इस सेवा कार्य को लगातार जारी रखा जा रहा है। क्लब की संयोजक मंजू श्रीवास्तव ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य दिवंगत साथियों की स्मृतियों को जीवित रखना और समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाना है।

श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया
भंडारे की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ हुई। पंडित कृष्ण देव ने विधिवत पूजा संपन्न कराई। इसके बाद रॉयल कैफे के चेयरमैन संजीव वर्मा, अखिल भारतीय कायस्थ सभा के अध्यक्ष मुरलीधर आहूजा और मनकामेश्वर मंदिर की महंत दिव्या गिरी ने संयुक्त रूप से भंडारे का शुभारंभ किया। इस दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव, पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, विधायक रविदास मेहरोत्रा, राज्य मंत्री मनीष गुप्ता और जूही सिंह शामिल थे। इन अतिथियों ने आयोजन की सराहना की और दिवंगत फोटोग्राफरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
