सत्यम पांडे | भदोही (संत रविदास नगर)6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भदोही में काशी नरेश विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए नए कॉलेज/संस्थान खोलने और मौजूदा कॉलेजों में बीएड को छोड़कर अन्य विषय व कोर्स शुरू करने की समय-सारिणी जारी की है। विश्वविद्यालय ने सभी संबंधित संस्थानों से निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन आवेदन और जरूरी प्रस्ताव जमा करने को कहा है।
उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा अनुभाग-2 ने 10 सितंबर 2026 को आदेश जारी किया था। इसके तहत नए कोर्स के लिए अनापत्ति प्रस्ताव (NOC) ऑनलाइन जमा करने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद 1 नवंबर 2026 से 5 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन जमा प्रस्तावों में लगाए गए जमीन संबंधी दस्तावेजों का राजस्व विभाग से सत्यापन कराया जाएगा।
समय-सारिणी के अनुसार अनापत्ति आदेश 20 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। विश्वविद्यालय के अनापत्ति संबंधी फैसले के खिलाफ शासन में अपील करने की अंतिम तारीख 30 जनवरी 2027 तय की गई है। शासन स्तर पर अनापत्ति से जुड़ी अपीलों के निस्तारण की अंतिम तारीख 20 फरवरी 2027 निर्धारित है।
इसके बाद निरीक्षण मंडल के गठन की प्रक्रिया 5 मार्च 2027 तक पूरी की जाएगी। संस्थानों को निरीक्षण मंडल के गठन के लिए 28 फरवरी तक आवेदन करना होगा। निरीक्षण मंडल को अपनी रिपोर्ट 5 अप्रैल 2027 तक देनी होगी। इसके बाद विश्वविद्यालय 20 अप्रैल 2027 तक ऑनलाइन संबद्धता प्रदान करेगा।
संबद्धता से जुड़े विश्वविद्यालय के फैसले के खिलाफ शासन में अपील करने की अंतिम तारीख 30 अप्रैल 2027 है। शासन स्तर पर ऐसी अपीलों के निस्तारण की अंतिम तारीख 20 मई 2027 निर्धारित की गई है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. महेश कुमार ने सभी कॉलेजों और संस्थानों से समय-सारिणी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करने और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने को कहा है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय के बाद अनापत्ति और संबद्धता से जुड़े किसी भी मामले पर विचार नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित कॉलेजों और संस्थानों से तय तारीखों का विशेष ध्यान रखने को कहा है, ताकि नए कोर्स या नए कॉलेज से जुड़ी प्रक्रिया समय से पूरी की जा सके।
