नूरुल अली | कानपुर6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

कानपुर के टाटमील चौराहे पर यातायात ड्यूटी में तैनात टीएसआई और एक होमगार्ड पर ऑटो चालक ने मारपीट, अभद्रता और 3 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है। चालक ने यातायात एसीपी कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
गोविंदनगर की कच्ची बस्ती निवासी ऑटो चालक रोहित कुमार ने बताया कि सोमवार रात वह टाटमील से सवारी लेकर गोविंदनगर जा रहा था। आरोप है कि टाटमील चौराहे पर यातायात पुलिसकर्मियों ने उसके ऑटो पर डंडा मारकर आगे बढ़ने को कहा और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
विरोध करने पर टीएसआई और होमगार्ड से कहासुनी हो गई। रोहित का आरोप है कि इसी दौरान उसके मोबाइल कवर में रखे 3 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद उसके ऑटो का 7 हजार रुपये का चालान भी कर दिया गया। मंगलवार शाम उसने यातायात एसीपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
टीएसआई ने आरोपों को बताया निराधार
टीएसआई अनुपम सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनके अनुसार सोमवार रात करीब 9 बजे टाटमील चौराहे पर जाम लगा था। यातायात पुलिस सड़क पर खड़े ऑटो और ई-रिक्शा हटवा रही थी। इसी दौरान एक ऑटो चालक होमगार्ड से बहस करने लगा और बार-बार कहने के बावजूद वाहन नहीं हटाया। यातायात बाधित होने पर नियमों के तहत उसका चालान किया गया।
टीएसआई ने बताया कि रात करीब 11 बजे वही ऑटो चालक एक महिला और कुछ अन्य लोगों के साथ दोबारा चौराहे पर पहुंचा और पुलिसकर्मियों से विवाद करने लगा। इसकी सूचना रेलबाजार पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक अपने साथियों के साथ वहां से चला गया। उन्होंने मारपीट और रुपये छीनने के आरोपों से इनकार किया है।
बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ऑटो चालक ने मंगलवार शाम 7 बजे मामले की जानकारी अधिकारियों को दी। यातायात विभाग ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
