विकास अवस्थी | कन्नौजकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

कन्नौज में फाल्ट सुधारते समय एक संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। आरोप है कि लिखित शटडाउन के बावजूद बिजली की लाइन चालू कर दी गई थी। यह घटना शनिवार सुबह की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सरायशाह मोहम्मद गांव निवासी 36 वर्षीय संविदा कर्मचारी दिलीप कुमार शनिवार सुबह करीब 7 बजे मोहल्ला अकबरपुर सरायघाघ स्थित महिला थाना के पास हाईटेंशन लाइन में फाल्ट ठीक कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए और खंभे से नीचे गिर गए।

सहकर्मी आनन-फानन में दिलीप को जिला अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया। देर शाम इलाज के दौरान दिलीप की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और अन्य लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। परिजनों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस और निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
निगम के अधिकारियों ने दिलीप के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजे, मानदेय की 90 प्रतिशत पेंशन और अन्य विभागीय लाभ दिए जाने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने पर सहमत हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से दिलीप की पत्नी मधू और छह साल की बेटी चारू का रो-रोकर बुरा हाल है।
