![]()
आईटीबीपी के जवान की मां के कटे हाथ प्रकरण में रेलबाजार पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस जवान की मां निर्मला देवी के बयान दर्ज करने पहुंची तो उन्होंने दर्द की दास्तां सुनाई। कहा, मैं चिल्लाती रही..पर कोई नहीं आया… मेरे हाथ में लगातार दर्द हो रहा था… उसी समय सुनवाई होती तो शायद मेरा हाथ बच जाता… रेलबाजार पुलिस पारस हॉस्पिटल में भर्ती निर्मला देवी के बयान दर्ज करने पहुंची। निर्मला देवी के भाई राजकुमार सिंक के मुताबिक बहन ने पुलिस को बताया कि कृष्णा हॉस्पिटल में जब वह इलाज के लिए भर्ती हुईं तो सबसे पहले उन्हें वीगो लगाया गया। इसके कुछ देर बाद आईसीयू में डिप चढ़ाई गई तो उन्हें दर्द होने लगा जो बाद में बढ़ गया। दर्द के बारे में बताया तो हाथ में लगाया टेप उन्होंने वहां मौजूद मेडिकल स्टाफ को दर्द के बारे में बताया तो हाथ टाइट करके व्हाइट टेप लगा दिया गया। कहा, गया कुछ देर बाद ठीक हो जाएगा, लेकिन दर्द कम होने के बजाए और बढ़ता चला गया। मैं चिल्लाती रहीं लेकिन कोई नहीं आया। दूसरे दिन सुबह बेटा विकास आया तो हाथ में कालापन आने लगा था। बेटे के पूछने पर बताया कि हाथ में तेज दर्द हो रहा है, जिसके बाद उसने वीगो हटवाया। राजकुमार के मुताबिक पुलिस ने उनकी बहन का एक पेज का यह बयान लिखा है। बयान की कई प्रतियां बनाकर उनके अंगूठा निशान लिए गए। इसके साथ ही बयान का वीडियो भी बनाया गया है। पुलिस अपनी विवेचना में बयान को शामिल कर इसके आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। यह था पूरा मामला महाराजपुर आईटीबीपी 32वीं वाहिनी में तैनात जवान विकास सिंह की मां निर्मला देवी की 13 मई को अचानक तबीयत बिगड़ी। सांस लेने में तकलीफ के साथ ही उन्हें हार्ट की भी समस्या थी। विकास ने मां को टाटमिल स्थित कृष्णा हास्पिटल में भर्ती कराया जहां 14 मई की शाम तक वह भर्ती रहीं। इस दौरान उनके स्वास्थ्य में तो सुधार आया, लेकिन दाहिना हाथ काला पड़ने लगा। 14 की ही शाम विकास मां को पारस हास्पिटल ले गए जहां 17 मई को उनकी मां का हाथ काटना पड़ा। इस कटे हुए हाथ को लेकर विकास पहले रेलबाजार फिर एडीसीपी पूर्वी और 19 मई को कमिश्नरेट पहुंचे थे। पुलिस कमिश्नर के संज्ञान लेने के बाद सीएमओ की 6 सदस्यीय टीम ने जांच की और दोनों अस्पतालों के डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
Source link
ITBP जवान की मां बोली-मैं चिल्लाती रही… कोई नहीं आया:ड्रिप चढ़ने के बाद होने लगा था दर्द, रेलबाजार पुलिस ने दर्ज किए बयान