Gonda Tractor Battery Theft | Luxury Car Thieves Caught on CCTV Footage

गोंडा4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

गोंडा में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां चोर बाइक या पैदल नहीं, बल्कि लग्जरी मारुति कार से पहुंचे और घर के सामने खड़े ट्रैक्टर की बैटरी चोरी कर ले गए। पूरी वारदात घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना कटरा बाजार थाना क्षेत्र के चरेरा गांव की है।

चरेरा गांव निवासी विजय कुमार ने बताया कि 8 अगस्त की सुबह करीब 4:47 बजे एक लग्जरी कार उनके घर के सामने आकर रुकी। कार से दो लोग उतरे और ट्रैक्टर के पास पहुंचे। दोनों ने कुछ ही देर में ट्रैक्टर की बैटरी खोली और उसे कार में रखकर फरार हो गए।

सुबह ट्रैक्टर स्टार्ट किया तो बैटरी गायब मिली

विजय कुमार के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे वह खेत जाने के लिए ट्रैक्टर स्टार्ट करने पहुंचे। ट्रैक्टर स्टार्ट नहीं हुआ तो उन्होंने जांच की। इस दौरान बैटरी गायब मिली। इसके बाद घर में लगे CCTV कैमरे की फुटेज देखी तो चोरी की पूरी वारदात सामने आ गई।

फुटेज में कार से आए दो लोग ट्रैक्टर के पास जाते और बैटरी खोलते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद दोनों बैटरी को कार में रखकर वहां से निकल जाते हैं।

पीड़ित बोले- इतनी महंगी कार, 8-10 हजार की बैटरी

विजय कुमार ने कहा कि चोर जिस कार से आए थे, उसकी कीमत में 200 बैटरी खरीदी जा सकती हैं। इसके बावजूद चोर 8 से 10 हजार रुपए की बैटरी चोरी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र में पहले भी इस तरह की करीब पांच बैटरी चोरी हो चुकी हैं।

विजय कुमार ने कटरा बाजार थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

CCTV के आधार पर चोरों की तलाश

कटरा बाजार थाना अध्यक्ष मनोज पाठक ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर बैटरी चोरी करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस कार और उसमें सवार लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *