Ghazipur Police FIR | Congress, SP Media Cells Accused in Girl Murder Case

शशि कांत तिवारी | गाजीपुर4 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र में एक युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कथित भ्रामक और तथ्यहीन टिप्पणियां करने का आरोप है, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 15 अप्रैल 2026 का है, जब जमानियां क्षेत्र के धरम्मरपुर पुल के पास एक युवती की चप्पल, मोबाइल फोन और गमछा बरामद हुआ था। बाद में युवती का शव नदी से मिला। परिजनों की लिखित सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

पिता सियाराम की तहरीर पर 19 अप्रैल 2026 को करंडा थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी हरिओम पाण्डेय (पुत्र सुभाष पाण्डेय, निवासी ग्राम कटरिया) को बड़सरा बाईपास, आरीपुर-पहाड़पुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

इस घटना को लेकर कांग्रेस (@INDIndia) और समाजवादी पार्टी मीडिया सेल (@mediacellsp) के आधिकारिक ‘X’ हैंडल से की गई पोस्ट्स को पुलिस ने भ्रामक और गलत बताया है। पुलिस का आरोप है कि इन पोस्ट्स के जरिए समाज में अफवाह फैलाने और माहौल खराब करने की कोशिश की गई।

करंडा थाना पुलिस ने कांग्रेस के खिलाफ मुकदमा संख्या 60/2026 और समाजवादी पार्टी मीडिया सेल के खिलाफ मुकदमा संख्या 61/2026, दोनों भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) के तहत दर्ज किए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *