अरुण कुमार रावत | फिरोजाबाद4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

फिरोजाबाद के थाना दक्षिण क्षेत्र स्थित स्टेशन रोड के इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर ऑनलाइन भुगतान को लेकर ग्राहक और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पेमेंट फेल होने की बात पर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, एक ग्राहक ने पेट्रोल भरवाने के बाद ऑनलाइन भुगतान किया था। इसी दौरान भुगतान सफल न होने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने ग्राहक के साथ मारपीट की। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पेट्रोल पंप पर ग्राहकों के साथ विवाद और अभद्र व्यवहार की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। उनका आरोप है कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से इस तरह की घटनाएं दोहराई जा रही हैं।

पुलिस ने दोनों पक्षों पर की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर थाना दक्षिण पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। इसके बाद शांति भंग की आशंका में दोनों का चालान कर दिया।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं, घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
