दीपेंद्र द्विवेदी | कानपुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अगर आपने किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा (PG Diploma) किया है और अब मास्टर डिग्री करना चाहते हैं, तो आपके लिए एक बेहतरीन मौका है। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने ऐसे छात्रों के लिए ‘लेटरल एंट्री’ की खास सुविधा शुरू की है। इसके तहत डिप्लोमा धारक छात्रों को सीधे पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) के दूसरे साल में दाखिला मिल जाएगा। यानी जो मास्टर डिग्री दो साल में पूरी होती थी, उसे आप सिर्फ एक साल में पूरा कर सकेंगे।
खास बात यह है कि उत्तर प्रदेश में सीएसजेएमयू पहला ऐसा विश्वविद्यालय है, जो मीडिया स्टूडेंट्स को यह खास सुविधा दे रहा है। नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत शुरू किए गए इस लचीले कोर्स से छात्रों का पूरा एक साल बच जाएगा।
डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की डिमांड के हिसाब से तैयार हैं छात्र
विभागाध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी के मुताबिक, आज के दौर में मीडिया इंडस्ट्री में डिग्री के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव (प्रैक्टिकल नॉलेज) को बहुत ज्यादा अहमियत दी जा रही है। डिप्लोमा करने वाले छात्रों के पास पहले से ही मीडिया की बुनियादी और तकनीकी समझ होती है।
यूनिवर्सिटी के इस कदम से छात्र कम समय में अपनी योग्यता बढ़ाकर प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल मीडिया और जनसंपर्क (PR) के क्षेत्र में रोजगार के बड़े अवसर हासिल कर सकते हैं। इसके लिए विभाग में हाईटेक मीडिया लैब, कैमरा ट्रेनिंग, वीडियो एडिटिंग, रेडियो प्रोडक्शन और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन की आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स से सीखने का मौका, पूर्व छात्र बड़े चैनलों में सक्रिय
विभाग में छात्रों को किताबी ज्ञान के अलावा फील्ड की बारीकियां सिखाने के लिए समय-समय पर वर्कशॉप, सेमिनार और मीडिया जगत के दिग्गजों के स्पेशल लेक्चर आयोजित कराए जाते हैं। इससे छात्रों को मीडिया की असली चुनौतियों का पता चलता है। आज विभाग के हजारों पूर्व छात्र देश के बड़े समाचार पत्रों, टीवी चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

एडमिशन के लिए क्या है नियम और शर्तें?
प्रवेश समन्वयक डॉ. ओमशंकर गुप्ता के अनुसार, इस कोर्स में दाखिला मेरिट और सीटों की उपलब्धता के आधार पर तय नियमों के मुताबिक ही होगा। बशर्ते छात्र का पीजी डिप्लोमा किसी भी यूजीसी (UGC) से मान्यता प्राप्त संस्थान से होना अनिवार्य है। लेटरल एंट्री के तहत विभाग में कुल 10 सीटें उपलब्ध हैं और इसकी सालाना फीस 42,200 रुपये तय की गई है।
विभाग में चल रहे अन्य मीडिया कोर्सेज पर एक नजर
यूनिवर्सिटी के पत्रकारिता विभाग में लेटरल एंट्री के अलावा कई अन्य रोजगारपरक कोर्स भी संचालित हो रहे हैं। तीन साल की अवधि वाले बीए जेएमसी (BA JMC) कोर्स में 50 सीटें हैं और इसकी फीस 31,200 रुपये है। वहीं दो साल के एम जेएमसी (M JMC) कोर्स में 50 सीटों के लिए 41,200 रुपये फीस निर्धारित है।
इसके अलावा, दो साल की अवधि वाले एमए एफएम (MA FM) कोर्स में 30 सीटें हैं जिसकी फीस 51,200 रुपये है, जबकि एक साल के पीजीडीजेएमसी (PGDJMC) कोर्स में 30 सीटों पर 42,200 रुपये फीस के साथ छात्र दाखिला ले सकते हैं।
