सतीश कुमार | घाटमपुर। कानपुर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

तेज रफ्तार ऑटो ने दो मासूमों को मारी टक्कर।
घाटमपुर क्षेत्र के बेंदा गांव के पास एक तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की सूचना पर पहुंची 112 पुलिस टीम ने दोनों बच्चों को सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
सड़क किनारे समोसे लेने गए थे बच्चे
जानकारी के अनुसार, मृतक 10 वर्षीय क्रिशू पुत्र हंस बाबू और घायल 9 वर्षीय कल्लू पुत्र लुक्का, दोनों मेहरअलीपुर के रहने वाले हैं। उनके परिजन मूसानगर रोड स्थित एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चे भट्ठे से कुछ दूरी पर सड़क किनारे समोसे लेने गए थे। इसी दौरान रोड पार करते समय तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी।
112 पुलिस ने घायल बच्चों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर मौजूद 112 पुलिस टीम ने तुरंत दोनों घायल बच्चों को घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद क्रिशू को मृत घोषित कर दिया, जबकि कल्लू का उपचार जारी है।
बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घायल बच्चे के बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने ऑटो को कब्जे में लिया
घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह भदोरिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटना में शामिल ऑटो को कब्जे में ले लिया गया है और मृतक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
