उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं।
उत्तराखंड में आज से चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। रजिस्ट्रेशन हरिद्वार, देहरादून और ऋषिकेश में किए जा रहे हैं। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान (20 काउंटर) और ऋषिकेश में ट्रांजिट कैंप व आईएसबीटी में 30 से ज्यादा काउंटर बनाए गए हैं।
.
देहरादून के हरबर्टपुर बस स्टैंड पर बड़ा काउंटर बनाया गया है। इसके अलावा सोनप्रयाग, जानकीचट्टी, बरकोट (यमुनोत्री मार्ग), हिना (उत्तरकाशी), पंखी (चमोली), जोशीमठ, बद्रीनाथ, गौरीकुंड, गोविंदघाट में रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं।
रजिस्ट्रेशन करने के लिए आपको काउंटर पर 3 चीजें ले जानी है-
- आधार कार्ड/पहचान पत्र/पैन कार्ड/ड्राइविंग लाइसेंस
- एक अपना मोबाइल नंबर और एक परिवार के किसी सदस्य का नंबर
- चारधाम दर्शन की तिथि

हरिद्वार, देहरादून और ऋषिकेश में सरकार ने रजिस्ट्रेशन समझाने के लिए पोस्टर लगाए हैं।
7 स्टेप में जानिए रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया…
- पंजीकरण केंद्र- कोई भी व्यक्ति चारधाम यात्रा के निर्धारित ऑफलाइन काउंटर पर जा सकता है।
- मेडिकल चेकअप- वहां सबसे पहले आपका सामान्य मेडिकल टेस्ट होगा।
- दस्तावेज सत्यापन- टेस्ट के बाद आपसे पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड) मांगा जाएगा और उसे वेरीफाई किया जाएगा।
- बायोमेट्रिक मिलान- इसके बाद आपकी फिंगर प्रिंट स्कैन की जाएगी और चेहरे का मिलान कर वेरिफिकेशन पूरा होगा।
- मोबाइल वेरिफिकेशन- आपसे मोबाइल नंबर मांगा जाएगा, जिसे OTP के जरिए वेरिफाई किया जाएगा।
- यात्रा की तिथि- अंत में आपसे दर्शन की तिथि पूछी जाएगी।
- रजिस्ट्रेशन स्लिप- प्रक्रिया पूरी होने पर आपको QR कोड वाली एक स्लिप दे दी जाएगी, जिसमें आपकी दर्शन की तिथि अंकित होगी।
यदि आप अपने किसी परिचित या परिवार के सदस्य का रजिस्ट्रेशन कराने आए हैं, तो आपको उनके दस्तावेज और मोबाइल नंबर का भी वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य होगा।

रजिस्ट्रेशन के बाद QR कोड वाली स्लिप दी जा रही है।
हरिद्वार, देहरादून और ऋषिकेश में होगी यात्रियों की जांच
चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए कई स्तरों पर चेकिंग की जाएगी:
- पहला पड़ाव (हरिद्वार)- यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं का सबसे पहले पंतदीप पार्किंग में मेडिकल टेस्ट और वेरिफिकेशन होगा।
- दूसरा पड़ाव (देहरादून)- यदि कोई यात्री हरिद्वार में जांच से छूट जाता है, तो रायवाला (देहरादून) में उसकी चेकिंग की जाएगी।
- तीसरा पड़ाव (ऋषिकेश)- इसके बाद ऋषिकेश में भी यात्रियों के दस्तावेजों और स्वास्थ्य का वेरिफिकेशन किया जाएगा।
- धाम के जिले में अंतिम जांच- इन मुख्य केंद्रों के बाद, आप जिस भी जिले के धाम (जैसे केदारनाथ, बद्रीनाथ आदि) में प्रवेश करेंगे, वहां के एंट्री पॉइंट पर दोबारा चेकिंग की जाएगी।
चारधाम यात्रा का पहला पड़ाव हरिद्वार
यात्रा की शुरुआत हरिद्वार से होती है। शहर के ऋषिकुल मैदान में सुबह 10 बजे से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन केंद्र शुरू कर दिया गया है। सुबह से ही यहां श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने खुद व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने रजिस्ट्रेशन कराने आए श्रद्धालुओं का माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर और यात्रा से जुड़ा जरूरी सामान देकर स्वागत किया। साथ ही यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
मयूर दीक्षित ने बताया कि ऋषिकुल मैदान में 20 काउंटर बनाए गए हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को ज्यादा इंतजार न करना पड़े। देश के विभिन्न राज्यों मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं।
पंजीकरण केंद्र पर चिकित्सा सुविधा, पेयजल, टॉयलेट और हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। साथ ही वालंटियर लगातार यात्रियों को गाइड कर रहे हैं, जिससे प्रक्रिया सुगम और व्यवस्थित बनी रहे।
भीड़ बढ़ने की संभावना, प्रशासन अलर्ट मोड में
डीएम ने बताया कि जैसे-जैसे बाकी धामों के कपाट खुलेंगे और स्कूलों की छुट्टियां शुरू होंगी, श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से इजाफा होगा। होटल और धर्मशालाओं में पहले से ही बड़ी संख्या में बुकिंग हो चुकी है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यात्रा को देखते हुए हरिद्वार पुलिस पूरी तरह तैयार है। ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए तीन स्तर की योजना बनाई गई है सामान्य दिन, वीकेंड और पर्व के लिए अलग-अलग प्लान तैयार हैं।
पंजीकरण केंद्र पर सुरक्षा के लिए राजपत्रित अधिकारी की निगरानी में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसमें इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। साथ ही फायर सर्विस की टीम भी मौके पर मौजूद है।



—————————
ये खबर भी पढ़ें…
बद्रीनाथ पहुंचे CDS, तैयारियों की ग्राउंड रियलिटी जांची: 3 दिन बाद शुरू हो रही चारधाम यात्रा; नीरज चोपड़ा बोले- कल से यहां 113km की दौड़

चारधाम यात्रा के शुरू होने से तीन दिन पहले सीडीएस अनिल चौहान आज चमोली स्थित बद्रीनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। (पढे़ें पूरी खबर)