राजीव कुमार शर्मा | औरंगाबाद-लखावटी, बुलंदशहर6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

कुनाल की फाइल फोटो।
बुलंदशहर के औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव ओलिना में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में पानी भरने के लिए समरसेबल पंप चालू करने गए 11 साल के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए और बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को गांव ले आए।

समरसेबल का स्विच ऑन करते ही लगा झटका
जानकारी के मुताबिक, गांव ओलिना निवासी राजकुमार का 11 वर्षीय बेटा कुनाल गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 2 का छात्र था। बुधवार शाम करीब 7 बजे कुनाल घर में पानी भरने के लिए समरसेबल पंप चालू करने गया था। स्विच बोर्ड/तार में अचानक तेज करंट उतर आने से कुनाल उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
कुनाल की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजनों ने किसी तरह उसे करंट से अलग किया और गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बिना पोस्टमार्टम कराए शव ले आए परिजन
कुनाल चार बहनों में सबसे छोटा और अकेला भाई था। उसकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन पुलिस को बिना कोई सूचना दिए और शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही अस्पताल से गांव ले आए।
औरंगाबाद थाना प्रभारी मनोज यादव ने बताया कि इस घटना के संबंध में पुलिस को अभी तक कोई लिखित सूचना या शिकायत नहीं मिली है।
