BJP Slams Congress Over Women Representation

  • Hindi News
  • National
  • BJP Slams Congress Over Women Representation | Sudhanshu Trivedi Statement

कुछ ही क्षण पहले

  • कॉपी लिंक
दिल्ली में BJP मुख्यालय पर भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। - Dainik Bhaskar

दिल्ली में BJP मुख्यालय पर भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

तेलंगाना में वन मंत्री कोंडा सुरेखा को मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में बहुत अंतर है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक तरफ महिलाओं को राजनीति में प्रतिनिधित्व देने की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ उसके ही शासन वाले राज्यों में महिला मंत्रियों की संख्या न के बराबर है। त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस की चार राज्यों में सरकार है। लेकिन सिर्फ 3 मंत्री पद पर महिलाएं हैं।

उन्होंने कहा- हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में एक भी महिला मंत्री नहीं है। केरल में दो महिला मंत्री हैं, जबकि तेलंगाना में दो में से एक मंत्री को हटा दिया गया। इस तरह चार राज्यों में अब सिर्फ तीन महिला मंत्री रह गई हैं। यह महिलाओं के साथ अन्याय है।

सुरेखा को हटाने पर कांग्रेस से भाजपा का सवाल

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को कोंडा सुरेखा को तत्काल प्रभाव से मंत्रिमंडल से हटा दिया था। यह फैसला सुरेखा की बेटी की ओर से मुख्यमंत्री और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ की गई टिप्पणियों को लेकर हुए विवाद के बीच लिया गया। सुरेखा ने कार्रवाई को गलत बताते हुए रेवंत रेड्डी पर ‘ब्लैकमेल की राजनीति’ करने का आरोप लगाया था।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे इस मुद्दे पर चुप हैं। उन्होंने कहा कि यही खड़गे हैं, जिन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर महिलाओं के लिए 33% आरक्षण जल्द लागू करने की मांग की थी।

त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण की बात करती है, लेकिन उसके अपने राज्यों में महिलाओं को मंत्री पद देने की स्थिति अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के विचार, बयान और काम, तीनों में महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर विरोधाभास दिखाई देता है।

राहुल के ‘स्मैश पैट्रिआर्की’ के नारे पर सुधांशु तंज

सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी के ‘स्मैश पैट्रिआर्की’ यानी पितृसत्ता खत्म करने के नारे पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह नारा लगाती है, लेकिन दूसरी तरफ महिला मंत्रियों को एक-एक करके हटाया जा रहा है।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर राहुल गांधी के प्रभाव में काम करने का भी आरोप लगाया। त्रिवेदी ने कहा कि खड़गे की उम्र 84 साल है और उन्हें राहुल गांधी को वास्तविक स्थिति समझानी चाहिए। सुधांशु ने राहुल को ‘सफेद दाढ़ी वाला युवा’ भी कहा।

मोदी सरकार में सबसे ज्यादा महिला मंत्री होने का दावा

सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के रिकॉर्ड की तुलना केंद्र की मोदी सरकार से की। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी की सरकार में देश के इतिहास में अब तक सबसे ज्यादा महिला मंत्री हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रतिनिधित्व के मामले में मोदी सरकार का रिकॉर्ड कांग्रेस से अलग है।

झारखंड परीक्षा मामले पर भी कांग्रेस को घेरा

त्रिवेदी ने झारखंड में सहायक वन संरक्षक और वन क्षेत्र पदाधिकारी की भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनके मुताबिक परीक्षा के प्रश्नपत्र स्ट्रॉन्ग रूम से निकाले गए और उनमें बदलाव किया गया।

भाजपा नेता ने इसे सिर्फ ‘पेपर लीक’ नहीं, बल्कि ‘पेपर लूट’ बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने वाली राजनीतिक पार्टियां झारखंड के मामले में चुप हैं।

त्रिवेदी ने इस चुप्पी पर तंज कसते हुए कांग्रेस नेताओं की तुलना ‘गांधी जी के तीन बंदरों’ से की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस मामले में न कुछ देखना चाहते हैं, न सुनना और न ही बोलना। उनके मुताबिक, झारखंड के अभ्यर्थियों और देशभर के छात्रों के बीच इस चुप्पी को लेकर नाराजगी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सामने आए तथ्य छात्रों के हितों को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की ‘हकीकत’ दिखाते हैं।

खबरें और भी हैं…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.