BHU Varanasi Hospital Action | Dalal Photo LED Screen Display Update

वाराणसी5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों को दलालों के चंगुल से बचाने के लिए नई और सख्त पहल शुरू की है। अस्पताल परिसर में पहले पकड़े गए दलालों की तस्वीरों वाले पोस्टर लगाने के बाद अब उनकी तस्वीरें एलईडी स्क्रीन पर भी प्रदर्शित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य अस्पताल आने वाले लोगों को दलालों की पहचान कराना और उन्हें ठगी से बचाना है।

देखें दलालों की तस्वीर…

दलालों ने सड़क पर की थी मारपीट

सर सुंदरलाल अस्पताल पूर्वांचल सहित आसपास के कई राज्यों के मरीजों के लिए प्रमुख चिकित्सा केंद्र है। प्रतिदिन हजारों मरीज यहां इलाज के लिए पहुंचते हैं। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर सक्रिय दलाल मरीजों और उनके परिजनों को गुमराह करते हैं। वे बेहतर इलाज का झांसा देकर उन्हें निजी अस्पतालों में ले जाने का प्रयास करते हैं। इसके अलावा जांच, दवा और अन्य चिकित्सकीय सुविधाओं के नाम पर भी मरीजों से ठगी की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। कुछ दिन पहले दलालों की मारपीट का वीडियो भी सामने आया था।

इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रशासन ने गुरुवार को दलाली में संलिप्त पाए गए लोगों के फोटोयुक्त पोस्टर जारी किए। इन पोस्टरों को अस्पताल परिसर के प्रमुख स्थानों पर लगाया गया है। पोस्टरों में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि अस्पताल में दलालों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित है तथा मरीजों और उनके परिजनों से अपील की गई है कि वे ऐसे लोगों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल अस्पताल प्रशासन या सुरक्षा कर्मियों को दें।

अस्पताल में इन‌ दलालों और चोरी पर निगरानी की जा रही।

अस्पताल में इन‌ दलालों और चोरी पर निगरानी की जा रही।

कैंपस में लगे LED स्क्रीन पर जारी की तस्वीर

अस्पताल प्रशासन ने जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए परिसर में लगी एलईडी स्क्रीन पर भी दलालों की तस्वीरें प्रदर्शित करनी शुरू कर दी हैं। अस्पताल में आने वाले मरीज और तीमारदार इन स्क्रीन के माध्यम से दलालों की पहचान आसानी से कर सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल लोगों में जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि दलालों की गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा।

AI सीसीटीवी कैमरे से हो रही निगरानी

सर सुंदरलाल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर पुनीत ने बताया कि अस्पताल परिसर में लगभग 50 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की रिकॉर्डिंग की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है। रिकॉर्डिंग के माध्यम से ऐसे सामान्य चेहरों की पहचान की जा रही है, जो बिना किसी कारण रोजाना अस्पताल में मरीजों की भीड़ के बीच दिखाई देते हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *