राज प्रकाश | बस्ती5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बस्ती में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) गुरुवार को जिले के 20 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। यह परीक्षा दो पालियों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई। प्रशासन ने सभी केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और पारदर्शिता के व्यापक इंतजाम किए थे।
परीक्षा में कुल 15,216 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 13,511 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,705 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में 7,608 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6,751 उपस्थित हुए और 857 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में भी 7,608 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6,760 ने परीक्षा दी, जबकि 848 अनुपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी मुस्तैदी बरती। जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

शहर के राजकीय इंटर कॉलेज, एपीएन डिग्री कॉलेज, महिला महाविद्यालय, बेगम खैर बालिका इंटर कॉलेज और श्रीकृष्ण पांडे इंटर कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात थे।
परीक्षा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या अव्यवस्था की कोई सूचना नहीं मिली। प्रशासन की सतर्कता और व्यापक तैयारियों के कारण परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई।
