राज प्रकाश | बस्ती3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। एक जालसाज ने खुद को CISF कर्मी बताकर एक महिला से सामान बेचने के बहाने 90 हजार रुपये ठग लिए। ठगी के बाद आरोपी ने दूसरे नंबर से संपर्क कर 61,500 रुपये की अतिरिक्त मांग भी की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, तिवारीपुर निवासी महिला के व्हाट्सएप नंबर पर 12 जून 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम मनोज कुमार बताया और खुद को CISF का जवान बताया। आरोपी के व्हाट्सएप प्रोफाइल पर ‘मनोज कुमार सीआईएसएफ’ लिखा होने के कारण महिला को उस पर विश्वास हो गया।
आरोप है कि जालसाज ने महिला को कुछ सामान बेचने का झांसा दिया और उसे अपनी बातों में फंसा लिया। उसने विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से महिला के खाते से कुल 90 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। जब महिला को ठगी का एहसास हुआ, तो उसने पैसे वापस करने की मांग की। इसके बाद आरोपी ने दूसरे मोबाइल नंबर से संपर्क कर 61,500 रुपये और भेजने का दबाव बनाया।
पीड़िता ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। प्रारंभिक जांच के बाद दुबौलिया थाना पुलिस ने 13 जून को अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
