सुजीत कुमार | बलरामपुर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बलरामपुर में केंद्रीय स्वास्थ्य सूचना ब्यूरो की उपनिदेशक दीक्षा सचदेवा ने गुरुवार को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों और कार्यप्रणाली की जमीनी हकीकत परखी।
उपनिदेशक सचदेवा ने सबसे पहले श्रीदत्तगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया। यहां उन्होंने ओपीडी, लैब और वार्ड सहित सभी इकाइयों की जांच की। मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सा उपकरणों की स्थिति का विशेष रूप से आकलन किया गया।
इसके बाद दीक्षा सचदेवा जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उपलब्ध संसाधनों, बिस्तरों की स्थिति और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के रिकॉर्ड सिस्टम पर भी विशेष ध्यान दिया गया। मृत्यु प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया और डेटा फीडिंग की पारदर्शिता की गहन जांच की गई। दीक्षा सचदेवा ने बताया कि निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय को सौंपी जाएगी।
इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई निर्धारित की जाएगी। इस दौरान सीएमएस डॉ. शारदा रंजन, डॉ. गिरधर चौहान, डॉ. ऋषि श्रीवास्तव और डॉ. राजेश सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
