अनुराग पाठक | बहराइच2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बहराइच में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिए एक अंतरविभागीय बैठक हुई। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार संचारी रोगों और दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण तथा त्वरित इलाज सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद में 01 से 30 अप्रैल, 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलेगा, जबकि 10 से 30 अप्रैल, 2026 तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा।

इन अभियानों के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी और विशेष साफ-सफाई रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर क्षयरोग, दिमागी बुखार, खांसी, जुकाम और अन्य संचारी रोगों से बचाव के लिए सर्वेक्षण करें। उन्हें उपचार के विषय में स्वास्थ्य शिक्षा और आवश्यक जानकारी देकर जन जागरूकता फैलाने का कार्य भी करना होगा।
लक्षणयुक्त व्यक्तियों का नाम, पता और मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण ई-कवच पोर्टल पर डिजिटल रूप से अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए। यह भी ध्यान रखा जाए कि जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कोई भी गांव, मोहल्ला या घर अभियान से छूटे नहीं।
संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, पंचायती राज, पशुपालन और नगर पालिका/नगर पंचायत विभागों के अधिकारियों को प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए गए। अन्य विभागों को भी अपने-अपने दायित्वों का सुचारू रूप से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
