अरुणेश प्रताप सिंह | अम्बेडकरनगर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अंबेडकरनगर में ओपी राजभर ने विपक्ष पर आरोप लगाए।
अम्बेडकरनगर में सुभासपा अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र मुद्दों को लेकर विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर सवाल उठाए।
राजभर ने कहा कि विपक्षी नेता छात्रों के साथ खड़े होने का दावा करते हैं, लेकिन वे उन राज्यों में हुई पेपर लीक की घटनाओं पर आवाज नहीं उठाते, जहां भाजपा की सरकार नहीं है। उन्होंने झारखंड और पंजाब का उदाहरण दिया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पेपर लीक की घटनाएं केवल भाजपा शासित राज्यों तक सीमित नहीं हैं। यदि विपक्ष वास्तव में छात्रों के हित की लड़ाई लड़ रहा है, तो उसे हर राज्य में छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए। राजभर ने झारखंड में गोली चलने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्षी दल उस मुद्दे पर चर्चा करने के बजाय दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे हैं।
राजभर ने बताया कि जंतर-मंतर के प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और आजाद समाज पार्टी सहित कई दलों के नेता शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन में कुछ उपद्रवी तत्व भी शामिल हो गए थे। राजभर ने दावा किया कि छात्र पत्थरबाजी, तोड़फोड़ या पुलिस से मारपीट नहीं करते। उपद्रव होने पर पुलिस ने कार्रवाई की। उन्होंने यह भी कहा कि लाठीचार्ज शुरू होते ही प्रदर्शन में पहुंचे नेता वहां से निकल गए और किसी नेता ने लाठी नहीं खाई।
राजभर ने विपक्ष पर सरकार को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने अखिलेश यादव, डिंपल यादव, संजय सिंह, राहुल गांधी और चंद्रशेखर आजाद सहित विपक्षी नेताओं से कहा कि यदि उन्हें छात्रों की वास्तविक चिंता है, तो उन्हें झारखंड और पंजाब जाकर भी छात्रों की आवाज उठानी चाहिए।
इस दौरान, राजभर ने गोरखपुर में तलवार से हुई हत्या की घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और मामले की जांच कराई जाएगी। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
