लाक बलऊ स्थित ऐक्सेस इंटरनेशनल सैनिक स्कूल में शनिवार को “अधिवक्ता गौरव सम्मान प्रयागराज-2026” समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए अधिवक्ताओं को विधि क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
.

समारोह में न्यायिक व्यवस्था, अधिवक्ताओं की भूमिका, न्यायिक चुनौतियों और बदलते कानूनी परिवेश पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि जिला अधिवक्ता संघ इलाहाबाद के अध्यक्ष कृष्ण बिहारी तिवारी ने कहा कि अधिवक्ता समाज और न्याय व्यवस्था के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उन्होंने कहा कि वकालत केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। अधिवक्ताओं को ईमानदारी, नैतिकता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ न्याय के लिए कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम के आयोजक एवं संस्थान के निदेशक एडवोकेट योगेन्द्र कुमार वैश्य ने कहा कि सम्मान समारोह का उद्देश्य विधि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिवक्ताओं का उत्साहवर्धन करना और युवा पीढ़ी को न्याय, सेवा तथा नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन अधिवक्ताओं का मनोबल बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं।
इस अवसर पर कई अधिवक्ताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि गुलाब चन्द्र अग्रहरि, मनोज कुमार सिंह ‘लोकेश’, एडवोकेट रत्नेश शुक्ल, अधिवक्ता उमेश तिवारी समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।