![]()
सहारनपुर में 25 से 27 अप्रैल तक होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गुरुवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता और डीएम अरविंद कुमार चौहान की मौजूदगी में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में नकल या अफवाह फैलाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर शीतल पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने सभी सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पर्यवेक्षकों को अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी से निभाने को कहा। उन्होंने परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और नकलविहीन माहौल में कराने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखने पर जोर दिया। परिवहन विभाग को परीक्षार्थियों के आवागमन में सुविधा सुनिश्चित करने और होटल व धर्मशालाओं में ठहरने की व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। जनपद में कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। सभी केंद्रों पर पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग जांच व्यवस्था होगी। ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, डिजिटल पेन, कैमरा सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, आईडी और पेन के साथ ही प्रवेश मिलेगा। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रश्न पत्रों को कोषागार से कड़ी पुलिस सुरक्षा में केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने और जाम से बचने के लिए भी विशेष योजना लागू की जाएगी।
Source link
होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त:सहारनपुर में 24 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा, कमिश्नर ने सख्त निर्देश दिए