![]()
गंज थाना क्षेत्र के सैजनी नानकार गांव में एक पारिवारिक विवाद सामने आया है। देवरानी के घर जाने से रोकने पर पति ने पत्नी के साथ कथित तौर पर मारपीट की। इसके बाद आहत पत्नी ने घर में रखा तूतिया खा लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। पीड़ित महिला तरन्नुम ने बताया कि उन्होंने अपने पति आहद को देवरानी के घर जाने से मना किया था। तरन्नुम के अनुसार, पति का वहां बार-बार आना-जाना उन्हें पसंद नहीं था और इसी बात पर उनके बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। बुधवार सुबह करीब सात बजे इसी मुद्दे पर दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई। आरोप है कि जब तरन्नुम ने पति को जाने से रोका, तो पति ने गुस्से में आकर उनकी पिटाई कर दी। इस घटना से आहत होकर महिला ने घर में रखा तूतिया खा लिया।
तूतिया खाने के बाद तरन्नुम की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। महिला ने यह भी बताया कि पति द्वारा पहले भी इस तरह की मारपीट की जाती रही है। उन्होंने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। फिलहाल, महिला ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया है कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई जाती हैं, तो वह कानूनी कार्रवाई कर सकती हैं। गंज थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
देवरानी के घर जाने से रोका, पति ने की मारपीट:रामपुर में गुस्साई पत्नी ने तूतिया खाया, जिला अस्पताल में भर्ती