हरदोई में दो पक्षों के विवाद में फायरिंग का आरोप:हवाई फायर में कार में लगी गोली, पुलिस जांच में जुटी


हरदोई के पचदेवरा थाना क्षेत्र के सहसोगा गांव में मंगलवार देर शाम दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि हवाई फायर में एक कार में गोली लगी। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस को न तो कार मिली और न ही सीसीटीवी फुटेज में गोली चलने का कोई सुराग मिला है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। मामला लखनौर ग्राम प्रधान मुन्नी देवी के पुत्र मनोज और लखनौर निवासी सुमित शुक्ला से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि सुमित शुक्ला आगामी पंचायत चुनाव में प्रधान पद के दावेदार हैं। सुमित के अनुसार, मंगलवार देर शाम वह सहसोगा गांव में महिपाल सिंह के घर पर थे, तभी मनोज वहां आ गए। दोनों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। सुमित का आरोप है कि इसी दौरान मनोज ने हवाई फायर किया, जिसकी गोली वहां खड़ी एक कार में जा लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष शिवनारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिपाल सिंह के मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालीं। थानाध्यक्ष के मुताबिक, पुलिस को मौके से वह कार नहीं मिली, जिसमें गोली लगने का दावा किया गया था। सीसीटीवी फुटेज में भी गोली चलने से संबंधित कोई साक्ष्य नहीं मिला है। सुमित द्वारा बताई गई कार के नंबर से उसका विवरण निकाला गया, जिससे पता चला कि कार दिल्ली में पंजीकृत है। संबंधित मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर वह स्विच ऑफ मिला। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित के सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *