भाजपा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि को गोली मारी:दबंगों ने गाड़ी में बैठते समय कहासुनी के बाद मारी गोली, लखनऊ रेफर


गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डेहरास ग्राम पंचायत के गजराज पुरवा में सोमवार देर रात 10 बजे चुनावी रंजिश को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई है। जहां भाजपा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह को गांव के कुछ लोगों ने आपसी कहासुनी के बाद गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र सिंह को इलाज के लिए गोंडा से लखनऊ रेफर किया गया है। यह घटना देर रात उस समय हुई जब भूपेंद्र सिंह अपनी गाड़ी में बैठ रहे थे। गोली लगने के बाद उनकी गाड़ी एक पेड़ से टकरा गई। परिवार के सदस्य उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर ले गए, जहां से उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है। भूपेंद्र सिंह के पेट में गोली के छर्रे लगे हैं, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए गोंडा के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने भाजपा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह की पत्नी और परसपुर पंचम से जिला पंचायत सदस्य अनामिका सिंह से घटना के संबंध में जानकारी ली। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने पांच टीमों का गठन किया है। भूपेंद्र सिंह पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी बताए जाते हैं। उनकी पत्नी अनामिका सिंह परसपुर पंचम क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य हैं। भूपेंद्र सिंह स्वयं भी जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि होने के साथ-साथ प्रधानी चुनाव की तैयारी कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह घटना चुनावी रंजिश और आपसी कहासुनी का परिणाम प्रतीत होती है। पुलिस अधीक्षक ने पुष्टि की कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है। उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पांच पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस ने जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। घायल भूपेंद्र सिंह को इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंस से नीचे उतारते समय साथ आए लोगों ने मेडिकल कॉलेज सुरक्षा में तैनात गार्ड से गाली गलौज भी की है। जिससे गोंडा मेडिकल कॉलेज में तैनात कई गार्ड नाराज हैं और उन्होंने पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *