![]()
बदायूं में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में मां और उसके तीन माह के बेटे की मौत हो गई। बिजनौर हाईवे पर थाना उघैती क्षेत्र में तेज रफ्तार XUV कार ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में नौ लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। जानकारी के अनुसार, उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बसोमा निवासी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से इस्लामनगर थाना क्षेत्र के समदनगर गांव में अपने रिश्तेदारों के यहां ‘भात’ कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उघैती कस्बे के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार महिंद्रा XUV700 ने ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल 112 और 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी रुदायन भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने बसोमा निवासी सुमन पत्नी हरदीप और उसके तीन माह के बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घायलों में शिवानी (14), माही (10), ज्योति (15), सुनीता (40), उमानदेही (32), खुशबू (26), जय देवी (60), वीर (45) और वर्षा (16) शामिल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Source link
बदायूं में सड़क हादसा, मां-बेटे की मौत:XUV की टक्कर से पलटी ट्रॉली, नौ लोग घायल