![]()
कासगंज जनपद के सोरों थाना क्षेत्र के नौरथा गांव में 20 वर्षीय एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गई। उसे गंभीर हालत में कासगंज के जिला अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। विवाहिता करीब 80 प्रतिशत जल चुकी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं इस घटना की सूचना मिलने पर सोरों पुलिस, सीओ सिटी आंचल चौहान और नायब तहसीलदार जिला अस्पताल पहुंचे। नायब तहसीलदार ने झुलसी हुई विवाहिता के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विवाहिता की पहचान मुस्कान (20) के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़, पंजाब की रहने वाली है। उसके पति पप्पू के अनुसार, मुस्कान घर पर खाना बना रही थी, तभी अचानक उसकी साड़ी में आग लग गई, जिससे वह झुलस गई। पप्पू ने बताया कि वह चंडीगढ़ में मजदूरी करता था, जहां उसकी मुलाकात मुस्कान से हुई थी। छह महीने पहले उन्होंने प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद वह अपने गांव नौरथा लौट आया। पप्पू गांव में रहकर मजदूरी करता है।
Source link
कासगंज में संदिग्ध हालात में विवाहिता 80% झुलसी:हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर भेजा गया, पुलिस ने दर्ज किए बयान