![]()
बलिया में ‘एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) वित्त पोषण योजना’ के तहत बिंदी और सत्तू को शामिल किया गया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देना और जिले में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है। 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी इच्छुक व्यक्ति इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस योजना में शैक्षिक योग्यता की कोई अनिवार्यता नहीं रखी गई है। लाभार्थियों को उद्योग, सेवा और व्यवसाय – इन तीन क्षेत्रों में ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार द्वारा स्वीकृत परियोजना लागत पर 25 प्रतिशत तक सब्सिडी (अनुदान) देने का प्रावधान है, जिससे उद्यमियों को आर्थिक सहयोग मिल सके। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इच्छुक अभ्यर्थी MSME विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से लॉगिन कर अपना पंजीकरण और आवेदन कर सकते हैं। विभाग की ओर से बताया गया है कि आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अधिक से अधिक लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की गई है। योजना के अंतर्गत ऋण की अधिकतम सीमा निर्धारित नहीं की गई है, जिससे बड़े स्तर पर भी व्यवसाय स्थापित करने की संभावना खुली है। हालांकि, लाभार्थियों को परियोजना लागत का 5 से 10 प्रतिशत तक स्वयं का अंशदान देना अनिवार्य होगा। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, नोटरी शपथ पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर शामिल हैं। जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय पहुंचकर योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस योजना से जिले में रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Source link
बलिया में ODOP योजना के ऑनलाइन आवेदन शुरू:बिंदी और सत्तू उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा, स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे