मेरठ की CCSU में 147 छात्रों को किया ब्लैकलिस्ट:पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष से लेकर वर्तमान के ग्राम प्रधान और सिपाही के नाम भी शामिल


मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय प्रशासन के एक फैसले ने शहर की सियासत और छात्र राजनीति में हलचल मचा दी है। विश्वविद्यालय ने 147 छात्र और पूर्व छात्रों को ‘दागी’ घोषित करते हुए उनकी सूची पुलिस को सौंप दी है। साथ ही इन सभी के कैंपस में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। विश्वविद्यालय की इस सूची में भाजपा, सपा, रालोद समेत कई राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं के नाम शामिल हैं। इनमें दिग्विजय भाटी, अनुज जावला, राहुल कुमार उर्फ संसार राणा, अरुण खटाना, कृष्णपाल गुर्जर, प्रदीप कसाना और आदित्य पंवार जैसे नाम प्रमुख हैं। इसके अलावा पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विजय सिंह राष्णा, एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रोहित राणा और कांग्रेस नेता लव कसाना भी सूची में शामिल हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि सूची में कार्तिक जिंदल का नाम भी दर्ज है, जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इन सभी पर पहले आपराधिक मामले दर्ज हैं या छात्र राजनीति के दौरान अनुशासनहीनता के चलते कार्रवाई हो चुकी है। कैंपस में बढ़ती हिंसा, हंगामे और बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। जैसे ही सूची सार्वजनिक हुई, छात्र नेता अक्षय बैंसला के नेतृत्व में छात्रों ने कैंपस में विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन राजनीतिक कारणों से नेताओं को बदनाम कर रहा है।
सीसीएसयू के चीफ प्रोक्टर प्रो. वीरपाल सिंह के अनुसार, यह सूची कैंपस में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयार की गई है। अगर किसी को नाम शामिल होने पर आपत्ति है, तो वह लिखित में विश्वविद्यालय को दे सकता है, जिस पर विचार किया जाएगा। वहीं एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय की सूची अभी पुलिस को नहीं मिली है। सूची मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *