![]()
सहारनपुर के थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में एक युवक द्वारा स्पोर्ट्स बाइक पर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। हरिद्वार रोड स्थित हरियाबांस के पास यह युवक बाइक के ऊपर खड़ा होकर और कभी आगे का पहिया हवा में उठाकर सरेआम स्टंट करता नजर आया। वायरल वीडियो में युवक न केवल अपनी जान जोखिम में डालता दिख रहा था, बल्कि आसपास मौजूद लोगों, खासकर नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहा था। स्टंट के दौरान कुछ बच्चे बेहद करीब खड़े दिखाई दिए, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद थाना गागलहेड़ी पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक की पहचान अरशद पुत्र जरीफ निवासी मक्काबांस, थाना गागलहेड़ी के रूप में की। पुलिस ने आरोपी की बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर UP11BL-0628, ड्यूक, काला-लाल रंग) को सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी युवक पहले भी इसी तरह की हरकतों के चलते हवालात जा चुका है। बार-बार चेतावनी और कार्रवाई के बावजूद उसके व्यवहार में सुधार नहीं आया। इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में एसआई रविकांत गिरी, कांस्टेबल विक्रांत और मनोज कुमार की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने सड़क सुरक्षा और स्टंटबाजी के खतरनाक चलन पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
सहारनपुर में खतरनाक बाइक स्टंट करने वाला गिरफ्तार:पुलिस ने बाइक सीज कर आरोपी पर केस दर्ज किया