![]()
ब्रेन में रक्तस्राव के बाद शरीर के एक तरफ कमजोरी और दौरे से जूझ रहे 19 वर्षीय युवक का एसएन मेडिकल कॉलेज में सफल उपचार किया गया। जांच में युवक के दिमाग के दाहिने हिस्से में एवीएम (आर्टेरियोवेनस मालफॉर्मेशन) की समस्या मिली थी। डॉक्टरों ने रक्त वाहिकाओं के रास्ते विशेष तकनीक से इसका उपचार किया। कॉलेज के अनुसार, यह एसएन मेडिकल कॉलेज में ब्रेन एवीएम के इस तरीके से उपचार का पहला मामला है। इलाज के बाद युवक को स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दो महीने पहले हुआ था ब्रेन में रक्तस्राव जानकारी के अनुसार, युवक को करीब दो महीने पहले मस्तिष्क में रक्तस्राव हुआ था। इसके बाद उसके शरीर के एक तरफ कमजोरी और दौरे पड़ने की शिकायत होने लगी। जांच के दौरान डॉक्टरों को दिमाग के दाहिने हिस्से में एवीएम का पता चला। यह ऐसी स्थिति है, जिसमें मस्तिष्क की धमनियों और नसों के बीच असामान्य जुड़ाव बन जाता है। इससे रक्तस्राव का खतरा हो सकता है। न्यूरोसर्जरी विभाग की टीम ने रक्त वाहिकाओं के रास्ते विशेष तकनीक से एवीएम का उपचार किया। कॉलेज के मुताबिक, उपचार के बाद एवीएम पूरी तरह बंद पाया गया। मरीज को कोई नया न्यूरोलॉजिकल नुकसान नहीं हुआ और उसकी हालत में सुधार के बाद छुट्टी दे दी गई। क्या है ब्रेन एवीएम ब्रेन एवीएम दिमाग की नसों से जुड़ी एक बीमारी है। इसमें दिमाग की खून पहुंचाने वाली और वापस ले जाने वाली नसें आपस में असामान्य तरीके से जुड़ जाती हैं। इससे दिमाग में खून की नसों पर दबाव पड़ सकता है और उनके फटने से ब्रेन में ब्लीडिंग हो सकती है। इसके कारण मरीज को दौरे पड़ना, सिरदर्द होना या शरीर के एक हिस्से में कमजोरी आने जैसी परेशानी हो सकती है। कुछ लोगों में इसके लक्षण लंबे समय तक दिखाई नहीं देते। जांच के बाद डॉक्टर मरीज की स्थिति के अनुसार इलाज करते हैं। एवीएम लाइव कार्यशाला का आयोजन इस उपलब्धि के अवसर पर एसएन मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में एवीएम लाइव कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें नोएडा से आमंत्रित विशेषज्ञ डॉ. अंशुल जैन फैकल्टी के रूप में शामिल हुए। डॉ. तरुणेश शर्मा ने बताया कि एवीएम का उपचार जटिल होता है। यह चुनौतीपूर्ण मामला था और इसका सफल उपचार कॉलेज के लिए बड़ी उपलब्धि है। वहीं, डॉ. मयंक अग्रवाल ने बताया कि एसएन मेडिकल कॉलेज में करीब एक साल से एंडोवास्कुलर उपचार नियमित रूप से किए जा रहे हैं। ब्रेन एवीएम का यह पहला मामला है। आयुष्मान योजना से जरूरतमंदों को इलाज न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव धाकरे ने बताया कि आयुष्मान योजना के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को ऐसे आधुनिक उपचार नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि संस्थान गरीब और जरूरतमंद मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रयास है कि गंभीर और जटिल बीमारियों का इलाज मरीजों को एसएन मेडिकल कॉलेज में ही मिल सके। इस उपचार में डॉ. राहुल सिंह, डॉ. मोहित मंगला, एनेस्थीसिया टीम की डॉ. अर्चना अग्रवाल और डॉ. लवप्रिया शर्मा के साथ रेजिडेंट डॉक्टरों और संबंधित स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Source link
आगरा के एसएन में हुआ क्रिटिकल ब्रेन ऑपरेशन:दिमाग में नसों की गड़बड़ी से हो चुकी है ब्लीडिंग, पड़ते थे दौरे