![]()
एएमयू में छात्रसंघ बहाली के आंदोलन के दौरान पुलिस हिरासत में लिए गए और बाद में जेल भेजे गए आरिज खान पर अब सहायक प्रॉक्टर को धमकी देने के मामले में भी एफआईआर दर्ज हुई है। कॉमर्स विभाग के सहायक प्रोफेसर एवं सहायक प्रॉक्टर डॉ. मोहम्मद नैयर रहमान की शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस ने सकलैन और आरिज खान को नामजद किया है। आरोप है कि फोन पर सरकारी कामकाज को लेकर हिसाब बराबर करने की बात कही गई। शिकायतकर्ता ने इसे जान-माल के लिए खतरा बताते हुए बातचीत रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम पर साझा किए जाने का भी आरोप लगाया है।
मारपीट के मुकदमे से शुरू हुआ घटनाक्रम
छात्रसंघ चुनाव बहाली को लेकर एएमयू कैंपस में धरना-प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान 28 सितंबर की रात हुई घटनाओं के बाद मारपीट और कैंपस का माहौल बिगाड़ने के आरोप में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज हुए। एक मुकदमा छात्रनेता की शिकायत पर, जबकि दूसरा एएमयू प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से दर्ज कराया गया था। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरिज खान को एमएम हॉल से हिरासत में लिया। इसके विरोध में छात्रों ने प्रॉक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। बाद में आरिज को जेल भेज दिया गया।
फोन कॉल में हिसाब बराबर करने की बात
अब कराई गई एफआईआर के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे डॉ. नैयर रहमान के मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम सकलैन बताया और आरिज खान के साथ उनसे मिलने आने की बात कही। आरोप है कि बातचीत के दौरान सरकारी कामकाज के निर्वहन को लेकर हिसाब बराबर करने की बात कही गई। शिकायतकर्ता ने इसे धमकी मानते हुए अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई।
इंस्टाग्राम पर रिकॉर्डिंग साझा करने का आरोप
डॉ. रहमान ने शिकायत में कहा है कि फोन पर हुई बातचीत रिकॉर्ड की गई और बाद में इंस्टाग्राम पर साझा कर दी गई। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सिविल लाइंस थाने में शनिवार रात 11:57 बजे एफआईआर दर्ज की गई। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2) लगाई गई है।
उपनिरीक्षक विक्रम सिंह को सौंपी जांच
सीओ तृतीय सर्वम सिंह के अनुसार मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विक्रम सिंह को सौंपी गई है। पुलिस फोन कॉल, कथित धमकी और सोशल मीडिया पर रिकॉर्डिंग साझा किए जाने के आरोपों की जांच कर रही है। नई एफआईआर में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
Source link
AMU छात्रसंघ आंदोलन के बीच सहायक प्रॉक्टर को धमकी:एमएम हॉल से गिरफ्तार किए गए आरिज से जोड़कर फोन पर धमकाया, धमकी की रिकॉर्डिंग की वायरल, FIR