![]()
प्रयागराज एसटीएफ में तैनात एक दरोगा के खिलाफ हरियाणा के हिसार में भ्रष्टाचार के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। दरोगा पर एक आरोपी का नाम मुकदमे से निकालने के बदले दो गाय मांगने का आरोप है। इसके अलावा कुर्सी-मेज खरीदने के लिए 35 हजार रुपये और एक गाय-भैंस की मांग करने की बात भी सामने आई है। शिकायतकर्ता ने दरोगा के साथ बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट हरियाणा के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को सौंपे थे। शिकायत की जांच और रिकॉर्डिंग के विश्लेषण के बाद आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद हिसार में दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता के खिलाफ नवाबगंज थाने में दर्ज है केस
आरोपी दरोगा रणेन्द्र कुमार सिंह उत्तर प्रदेश एसटीएफ, प्रयागराज में तैनात हैं। शिकायतकर्ता मनवीर सिंह उर्फ मन्नू हरियाणा के हिसार जिले के ब्यानाखेड़ा गांव का निवासी है। उसके खिलाफ 2 सितंबर 2023 को प्रयागराज के नवाबगंज थाने में अवैध शराब की तस्करी के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी मामले की विवेचना के दौरान मनवीर का नाम सामने आया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस मुकदमे में दरोगा रणेन्द्र कुमार सिंह खुद वादी हैं।
ऑडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट के आधार पर जांच
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हिसार मंडल को मनवीर सिंह की शिकायत 17 फरवरी 2026 को प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दरोगा ने मुकदमे से नाम निकलवाने के बदले रिश्वत के तौर पर गायों और अन्य सामान की मांग की। शिकायत की जांच के दौरान मनवीर की ओर से उपलब्ध कराई गई ऑडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट का विश्लेषण किया गया।
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, 1 फरवरी 2026 की एक रिकॉर्डिंग में दरोगा की ओर से किसी अन्य युवक के माध्यम से मोबाइल पर स्कैनर भेजकर कुर्सी और मेज खरीदने के लिए 35 हजार रुपये भिजवाने की मांग किए जाने की बात सामने आई। इसी तारीख की एक अन्य रिकॉर्डिंग में हिमांशु नाम के युवक के स्कैनर पर 10 हजार रुपये डालने के लिए कहने का आरोप है।
दो गाय देने की मांग, फिर एक गाय और भैंस मांगी
शिकायत के विश्लेषण के दौरान 1 फरवरी 2026 की एक अन्य रिकॉर्डिंग में दरोगा पर दो गायों की मांग करने का आरोप सामने आया। वहीं, 3 फरवरी 2026 की रिकॉर्डिंग के संबंध में जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि शिकायतकर्ता की ओर से दो गायें दरोगा के पास भेजे जाने की बात सामने आई। इसके अलावा 9 फरवरी 2026 की रिकॉर्डिंग में दरोगा पर शिकायतकर्ता से एक गाय और एक भैंस की मांग करने का आरोप है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शिकायत, ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाया। इसके बाद दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति की गई।
डीजी कार्यालय से मंजूरी मिलने के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
हिसार मंडल के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने 15 जुलाई 2026 को अपनी रिपोर्ट पुलिस महानिदेशक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा, पंचकूला के कार्यालय को भेजी थी। इसके बाद 14 अगस्त 2026 को दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की सहमति प्रदान की गई। इस अनुमति के आधार पर 6 अक्टूबर 2026 को हिसार मंडल के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो थाने में मुकदमा संख्या 41 दर्ज किया गया।
अंग्रेजी शराब तस्करी से संबंधित है मामला
मनवीर सिंह के खिलाफ प्रयागराज के नवाबगंज थाने में 2 सितंबर 2023 को अवैध शराब की तस्करी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दरोगा रणेन्द्र कुमार सिंह ने इस मामले में तहरीर दी थी। इसमें बताया गया था कि हरियाणा से अवैध तरीके से अंग्रेजी शराब की तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही थी। मनवीर से मिली सूचना के आधार पर दरोगा और उनकी टीम ने नवाबगंज में शराब पकड़ी थी। बाद में विवेचना के दौरान मनवीर का नाम भी सामने आया था। अब इसी मुकदमे से नाम निकालने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में दरोगा के खिलाफ हरियाणा में भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज हुआ है।
Source link
एसटीएफ दरोगा ने रिश्वत में मांगी गाय-जर्मन शेफर्ड कुत्ता:हरियाणा में भ्रष्टाचार की FIR, कुर्सी-मेज के लिए भी 35 हजार मांगने का आरोप