पीठाधीश्वर जगद्गुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम् का राहुल गाँधी पर कटाक्ष:बोले- राहुल परिपक्व हुए, जानते हैं कि नौटंकी 2047 तक करनी है


मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में चल रहे धरना-प्रदर्शन के बीच संभल के श्रीकल्कि धाम के पीठाधीश्वर जगद्गुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम् ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने मंगलवार रात एक्स पर पोस्ट कर राहुल गांधी पर तंज कसा। आचार्य ने लिखा कि राहुल गांधी अब पूरी तरह परिपक्व हो चुके हैं, क्योंकि वह जानते हैं कि उन्हें यह नौटंकी 2047 तक करनी है। आचार्य प्रमोद कृष्णम् लंबे समय से राहुल गांधी और कांग्रेस की राजनीति पर हमलावर रहे हैं। 2024 में अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने का समर्थन करने के बाद उन्हें कांग्रेस ने छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद भी उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधना जारी रखा है। राहुल गांधी को लेकर देश में जब भी कोई राजनीतिक विवाद या प्रतिक्रिया सामने आती है, आचार्य प्रमोद कृष्णम् खुलकर अपनी राय रखते हैं। वह कई बार राहुल गांधी को कांग्रेस की मौजूदा स्थिति और पार्टी के कमजोर होने के लिए जिम्मेदार ठहरा चुके हैं। हालांकि, उनकी टिप्पणियों में प्रियंका गांधी को लेकर ऐसा रुख नहीं रहा और वह कई मौकों पर उनका समर्थन करते नजर आए हैं। दो लाइन की पोस्ट से शुरू हुई नई सियासी चर्चा दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ चल रहे विपक्ष के प्रदर्शन में राहुल गांधी की भूमिका को लेकर आचार्य ने अपनी दो लाइन की पोस्ट के जरिए हमला बोला। पोस्ट सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई। विपक्ष के तेवर और सरकार के रुख के बीच यह बयान सियासी माहौल को और गरमाने वाला माना जा रहा है।

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने भी दी प्रतिक्रियाएं आचार्य की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। समर्थकों और विरोधियों के बीच पोस्ट को लेकर बहस शुरू हो गई। राहुल गांधी को लेकर आचार्य की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन राजनीतिक रूप से चर्चा में है। श्रीकल्कि धाम में पीएम मोदी ने रखी थी मंदिर की नींव श्रीकल्कि धाम को लेकर सुरक्षा का मुद्दा भी हाल में सामने आया है। बताया गया है कि खालसा आतंकवादी संगठन के सरगना कुलवीर सिंह सिद्धू ने रॉकेट लांचर और बम से हमला करने की धमकी दी है। इसके बाद साधु-संतों की ओर से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की जा रही है। 19 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल के ऐंचौड़ा कम्बोह गांव स्थित श्रीकल्कि धाम में शिला पूजन कर मंदिर निर्माण की नींव रखी थी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *